कवर्धा अंधे कत्ल का सनसनीखेज खुलासा, 5 दिन में तीन आरोपी गिरफ्तार
कवर्धा। कवर्धा जिले में हुए अंधे कत्ल के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 5 दिनों के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा धर्मेंद्र सिंह (पुलिस अधीक्षक) ने प्रेस वार्ता के दौरान किया।पुलिस के अनुसार 20 मार्च 2026 को रानीदहरा जलप्रपात के पास एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की और मात्र 2 दिनों के भीतर मृतिका की पहचान मुंगेली निवासी के रूप में कर ली।जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और फील्ड इन्वेस्टिगेशन के आधार पर पुलिस टीम ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए मुख्य आरोपी देवेन्द्र प्रसाद जायसवाल को पुणे (महाराष्ट्र) से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपने पिता केषव प्रसाद जायसवाल और दोस्त मनोज पटेल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की।पुलिस ने बताया कि हत्या सुनियोजित तरीके से की गई थी। घटना की पुष्टि के लिए घटनास्थल पर डमी पुतले के माध्यम से सीन रिक्रिएट किया गया, जिससे पूरे घटनाक्रम की पुष्टि हुई।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने लगातार समन्वय बनाकर तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों के आधार पर इस जटिल मामले को सुलझाया। इस कार्रवाई से जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस की सक्रियता एक बार फिर सामने आई है।
फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।
