गरियाबंद ब्रेकिंग: जंगल में मिला सरकारी दवाइयों का जखीरा, स्वास्थ्य विभाग पर उठे सवाल

गरियाबंद जिले से चौंकाने वाली खबर सामने आई है। नेशनल हाइवे 130-C पर ग्राम धवलपुर के पास आमनाला नदी के नीचे बड़ी मात्रा में सरकारी दवाइयां सड़क किनारे फेंकी हुई मिली हैं। यह मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।जानकारी के अनुसार यह दवाइयां मरीजों के इलाज के लिए सरकारी अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में उपयोग की जानी थीं, लेकिन इन्हें जंगल क्षेत्र में लावारिस हालत में छोड़ दिया गया। स्थानीय लोगों ने जब सड़क किनारे दवाइयों का ढेर देखा तो इसकी सूचना प्रशासन को दी।

मौके पर मिले दवाइयों में कुछ एक्सपायरी बताई जा रही हैं, जबकि कई दवाइयां अभी भी उपयोग योग्य हैं। इस लापरवाही से मवेशियों और वन्य जीवों के इन्हें खाने से किसी गंभीर घटना की आशंका जताई जा रही है।यह घटना गरियाबंद जिले के स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। लोगों का कहना है कि मरीजों को दवाइयां नहीं मिलतीं, वहीं सरकारी दवाओं को जंगल में फेंका जाना बेहद चिंताजनक है।प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
फिलहाल यह जांच का विषय बन गया है कि दवाइयां किस विभाग या स्वास्थ्य केंद्र से लाई गईं और इन्हें यहां क्यों फेंका गया।
