दुर्ग, 23 जनवरी 2026 – नगर पालिक निगम अंतर्गत कातुलबोर्ड में एयरटेल कंपनी द्वारा केबल बिछाने के दौरान नगर निगम की पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला सामने आया है।घटना की जानकारी मिलते ही महापौर श्रीमती अलका बाघमार और आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर निगम अमला तत्काल मौके पर पहुंचा और एयरटेल के द्वारा किए जा रहे अवैध कार्य को तुरंत बंद करवाया।
महापौर व आयुक्त के निर्देशानुसार कार्यपालन अभियंता प्रकाशचंद थवानी और सहायक अभियंता गिरीश दीवान के नेतृत्व में निगम की टीम ने एयरटेल केबल बिछाने का कार्य रोका और मौके से केबल सामग्री को जब्त किया।सूचना के मुताबिक, एयरटेल कंपनी ने जिला कार्यालय से अनुमति प्राप्त की थी, लेकिन नगर पालिक निगम दुर्ग को इस संबंध में किसी प्रकार की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी।
इस कारण से बिना निगम की अनुमति के केबल बिछाने का कार्य किया जा रहा था, जिसके चलते निगम की पाइपलाइन को क्षति पहुंची।निगम अधिकारियों ने एयरटेल के प्रतिनिधियों को नियमों का पालन करने की कड़ी समझाइश दी और भविष्य में बिना नगर निगम की अनुमति एवं समन्वय के कोई भी कार्य न करने के निर्देश दिए।
निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि शहर में किसी भी प्रकार के खुदाई या केबल बिछाने से पूर्व निगम की अनुमति अनिवार्य है, अन्यथा नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
