दुर्ग नगर निगम की सख्त कार्रवाई – चाइनीज़ मांझा बेचने वालों पर जुर्माना
दुकान से मांझा जब्त फरिश्ता कॉम्प्लेक्स की दो पतंग दुकानों पर 5–5 हजार रुपये का जुर्माना, पूरे शहर में चलेगा विशेष अभियान
दुर्ग, 4 दिसम्बर।शहर में चाइनीज़ मांझा के बढ़ते उपयोग और उससे होने वाले हादसों को रोकने के लिए दुर्ग नगर निगम ने एक बार फिर कड़ा रुख अपनाया है। आयुक्त सुमित अग्रवाल के निर्देश पर निगम की संयुक्त टीम ने बुधवार को फरिश्ता कॉम्प्लेक्स के पास स्थित सन्नी पतंग एवं सोलंकी पतंग दुकानों में छापामार कार्रवाई कर दुकान में रखे प्रतिबंधित मांझा को मौके पर ही जब्त कर लिया। दोनों दुकानों पर 5-5 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
संयुक्त टीम तैयार – शहर में गली-गली होगी कार्रवाई आयुक्त के निर्देश पर बाजार विभाग और अतिक्रमण शाखा की संयुक्त टीम का गठन किया गया है, जिसमें अतिक्रमण अधिकारी परमेश्वर,बाजार विभाग से ईश्वर वर्मा,शशि कांत यादव सहित टीम अमला शामिल है। टीम ने आज अभियान की शुरुआत करते हुए दुकानों की जांच की और प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा मिलने पर तत्काल जब्ती की कार्रवाई की।
-निगरानी और छापामार कार्रवाई तेज निगम अधिकारियों ने बताया कि यह टीम अब लगातार दुकानों, गोदामों, बाजारों और भीड़भाड़ वाली गलियों में निरीक्षण करेगी।चाइनीज़ मांझा की खरीद–फरोख्त,परिवहन,भंडारण,उपयोग पर कड़ी नजर रखी जाएगी।नियम तोड़ने वालों पर मौके पर ही कार्रवाई होगी।
चाइनीज़ मांझा बेचना या रखना अपराध आयुक्त सुमित अग्रवाल ने कहा—“चाइनीज़ मांझा बेचना, रखना या इसका उपयोग करना दंडनीय अपराध है। जहां भी मांझा पाया जाएगा, उसे मौके पर तुरंत जब्त किया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।”उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों, पक्षियों और जानवरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, क्योंकि चाइनीज़ मांझा बेहद खतरनाक होता है और हर वर्ष कई दुर्घटनाएँ इसका कारण बनती हैं।
नागरिकों और व्यापारियों से अपील नगर निगम ने नागरिकों व व्यापारियों से प्रतिबंध का कड़ाई से पालन करने की अपील की है। नगर निगम ने यह भी कहा कि यदि कहीं चाइनीज़ मांझा की बिक्री या उपयोग की जानकारी मिले तो तुरंत निगम टीम को सूचित करें।
-दुर्ग नगर निगम का यह अभियान आगामी दिनों में और अधिक तेज किया जाएगा, ताकि शहर में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझा के प्रसार को पूरी तरह रोका जा सके।
