सूरजपुर ब्रेकिंग : चार महीने से लापता बुजुर्ग का खेत में मिला कंकाल
सूरजपुर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत कोट गांव में शनिवार को खेत से चार महीने से लापता बुजुर्ग का कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई।मिली जानकारी के मुताबिक गांव के ही भिखम नामक बुजुर्ग जुलाई माह से लापता था। परिजनों/ग्रामजनों की ओर से इसकी शिकायत थाने में भी दर्ज कराई गई थी। शनिवार को धान कटाई के दौरान खेत में मानव कंकाल दिखा, जिसकी सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो बुजुर्ग द्वारा पहने गए अंडरवियर व गंजी के आधार पर पहचान की गई।बताया जा रहा है कि मृतक की कोई सगा रिश्तेदारी भी नहीं थी, जिसके कारण भी खोजबीन ज्यादा नहीं हो पाई थी। आशंका जताई गई है कि वृद्ध शौच करने खेत की तरफ गया होगा, उसी दौरान उसकी मौत हो गई होगी और वह वहीं पड़ा रह गया होगा।
फिलहाल पुलिस ने कंकाल को जप्त कर पंचायत नामा की कार्यवाही की है तथा सभी पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल पर FSL टीम को भी बुलाया गया है।
