पीएम श्री स्कूलों में शिक्षक मिले गैरहाजिर, लापरवाही पर नोटिस, शराब पीकर स्कूल आने वाला शिक्षक निलंबित
भिलाई।जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा ने जिले के आधा दर्जन पीएम श्री स्कूलों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों में शिक्षक अनुपस्थित मिले, वहीं विद्यार्थियों की उपस्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई। कुछ स्थानों पर मध्यान्ह भोजन की व्यवस्था भी बेहद खराब स्थिति में मिली, जिस पर डीईओ ने नाराजगी जताते हुए लापरवाह शिक्षकों और संस्था प्रमुखों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।डीईओ ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला गिरहोला, पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अहिवारा, जामुल, बालाजीनगर, पीएम श्री प्राथमिक विद्यालय जरवाय, बालाजीनगर, बानबरद तथा शासकीय प्राथमिक व पूर्व माध्यमिक शाला गिरहोला और अहिवारा का आकस्मिक निरीक्षण किया।
इस दौरान आगामी 16 से 25 फरवरी के बीच भारत सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा प्रस्तावित निरीक्षण को लेकर सभी संस्था प्रमुखों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा 21 बिंदुओं पर व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।अहिवारा में व्याख्याता अनुपस्थितनिरीक्षण के दौरान पूर्व माध्यमिक शाला गिरहोला में विद्यार्थियों की कम उपस्थिति और शिक्षकों के स्टाफ रूम में बैठे पाए जाने पर डीईओ ने नाराजगी जताई। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल अहिवारा में व्याख्याता रीता प्रधान और रेखा साहू अनुपस्थित पाई गईं।
कन्या पूर्व माध्यमिक शाला अहिवारा में शिक्षक पीतांबर शर्मा भी गैरहाजिर मिले, जबकि उपस्थित प्रधान पाठक एम.ए. खान अपने कक्ष में मोबाइल देखते पाए गए। परिसर में अधिकांश विद्यार्थी इधर-उधर घूमते नजर आए। इस पर सभी को कड़ी फटकार लगाते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।बीमार कुत्ते परिसर में घूमते मिलेपीएम श्री प्राथमिक शाला जरवाय में मध्यान्ह भोजन के दौरान परिसर में बीमार कुत्ते घूमते पाए गए।
डीईओ ने प्रभारी शिक्षक को तत्काल व्यवस्था सुधारने और आवारा पशुओं के प्रवेश को रोकने के निर्देश दिए। वहीं पीएम श्री प्राथमिक शाला बालाजीनगर में परिसर में गिट्टी-रेती बिखरी होने और गंदगी पाए जाने पर प्रधान पाठक को साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।उपस्थिति बढ़ाने के निर्देशनिरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पर डीईओ ने सभी संस्था प्रमुखों को नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, अभिभावकों से संपर्क बढ़ाने और शैक्षणिक वातावरण बेहतर बनाने के निर्देश दिए।शराब पीकर स्कूल आने वाला शिक्षक निलंबितइस बीच शराब पीकर स्कूल आने और विद्यार्थियों से अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप में सहायक शिक्षक एलबी देवेश कुमार देशमुख को निलंबित कर दिया गया है।
जांच में पाया गया कि वह विलंब से और नशे की हालत में स्कूल पहुंचते थे, परिसर में गुटखा खाते हुए कहीं भी थूकते थे तथा छात्रों के साथ अनुचित व्यवहार करते थे। अनुपस्थित रहने के बाद दूसरे दिन उपस्थिति पंजी में हस्ताक्षर करने की शिकायत भी प्रमाणित हुई।जिला शिक्षा अधिकारी अरविंद कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रकरण की पुष्टि होने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय दुर्ग निर्धारित किया गया है तथा उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा।
डीईओ ने कहा कि शैक्षणिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।
