भिलाई में चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
दुर्ग/भिलाई। प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, भिलाई में चौदहवीं अखिल भारतीय पुलिस तीरंदाजी प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ सोमवार को भव्य एवं रंगारंग कार्यक्रम के साथ किया गया। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने किया। यह प्रतियोगिता 24 से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित होगी, जिसमें देशभर की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र बलों की टीमें भाग ले रही हैं।
इस अवसर पर दुर्ग नगर की महापौर अलका बाघमार, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, एडीजी एस.आर.पी. कल्लूरी, एडीजी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल विवेकानंद सिन्हा, आईजी ओ.पी. पाल, आईजी अजय यादव, आईजी अभिषेक शांडिल्य, आईजी बी.एस. ध्रुव, डीआईजी कमलोचन कश्यप, डीआईजी एम.आर. आहिरे, डीआईजी मध्य रेंज एवं आयोजन सचिव सदानंद कुमार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल, कलेक्टर अभिजीत सिंह, नगर निगम आयुक्त राठौर तथा प्रथम वाहिनी के डीआईजी कमांडेंट एवं पुलिस खेल अधिकारी राजेश कुकरेजा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पद्मश्री सम्मानित सुश्री समसाद बेगम, श्री भारती बंधू, श्री आलोक निरंजन एवं अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सबा अंजुम भी विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुईं।प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों की पुलिस एवं केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की 30 टीमों के लगभग 450 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 10 राज्यों के 30 से अधिक अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं, जिन्होंने ओलंपिक, वर्ल्ड कप, एशियन गेम्स एवं साउथ एशियन गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व किया है।
अर्जुन पुरस्कार विजेता डीएसपी जनता तालुकार (असम) एवं डीएसपी रजत चौहान (राजस्थान) भी प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं।एडीजी विवेकानंद सिन्हा ने प्रतियोगिता की रूपरेखा, प्रतिभागियों की संख्या एवं व्यवस्थाओं का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।गृह मंत्री का संबोधनगृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पुलिस बल कानून-व्यवस्था के साथ-साथ खेल और अनुशासन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। अखिल भारतीय स्तर की यह प्रतियोगिता पुलिस बलों के बीच समन्वय, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना को मजबूत करती है।
उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता की मेजबानी मिलना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है।पुलिस महानिदेशक का संदेशपुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम ने कहा कि खेल गतिविधियां पुलिस बलों में शारीरिक दक्षता, मानसिक संतुलन और अनुशासन को सुदृढ़ करती हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को निष्पक्षता और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।प्रतियोगिता का उद्देश्य पुलिस बलों के बीच खेल कौशल, अनुशासन, समन्वय और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना है। विभिन्न वर्गों में तीरंदाजी स्पर्धाएं 27 फरवरी तक आयोजित की जाएंगी।
सुव्यवस्थित व्यवस्थाएं सुनिश्चित आयोजन सचिव सदानंद कुमार, प्रथम वाहिनी के डीआईजी कमांडेंट राजेश कुकरेजा, जिला पुलिस दुर्ग एवं आयोजन समिति द्वारा समन्वित प्रयासों से सफल आयोजन सुनिश्चित किया गया है।दुर्ग पुलिस की अपील दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में सहयोग देने तथा यातायात एवं सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
