पवार क्षत्रिय संघ भिलाई-दुर्ग का 59वां वार्षिक स्नेह सम्मेलन हर्षोल्लास के साथ संपन्न
भिलाई-दुर्ग, 14 जनवरी 2026।मकर संक्रांति के पावन अवसर पर पवार क्षत्रिय संघ भिलाई-दुर्ग (छत्तीसगढ़) की 59वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में वार्षिक स्नेह सम्मेलन 2026 का भव्य आयोजन बुधवार को राजाभोज मंगल भवन, दीक्षित कॉलोनी, नेहरू नगर (पूर्व) में उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, महिलाओं एवं बड़ी संख्या में समाजजनों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम का शुभारंभ राजाभोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर माननीय श्री विजय बघेल, सांसद दुर्ग लोकसभा, श्री ललित चंद्राकर, विधायक दुर्ग ग्रामीण, माननीय श्री ताम्रध्वज साहू, पूर्व कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन, श्री अरुण वोरा, पूर्व विधायक दुर्ग शहर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं पवार क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय पदाधिकारी मंचासीन रहे।मुख्य अतिथि सांसद विजय बघेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प सभी के सहयोग से ही साकार होगा।
इसमें संगठित एवं एकजुट सामाजिक संगठनों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पवार क्षत्रिय संघ निरंतर प्रगति की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस अवसर पर सांसद विजय बघेल एवं विधायक ललित चंद्राकर द्वारा समाज की वार्षिक पत्रिका “पवार ज्योति” का विमोचन किया गया तथा प्रतिभावान छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।संघ के अध्यक्ष श्री छोटेलाल पारधी ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत करते हुए अपने अध्यक्षीय संबोधन में समाज के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डाला।
उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, नशामुक्त समाज, युवाओं में उद्यमिता के विकास जैसे विषयों पर समाज को संगठित होकर कार्य करने का आह्वान किया।पूर्व कैबिनेट मंत्री ताम्रध्वज साहू ने समाज की एकता, शिक्षा और नैतिक मूल्यों को सशक्त भविष्य की नींव बताते हुए युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समाजजनों का सम्मान किया गया।
संचालन मोहिंदर कटरे एवं महिला अध्यक्षा आशा शरणागत द्वारा किया गया। अंत में दुर्ग-भिलाई, रायपुर, राजनांदगांव, बिलासपुर, कवर्धा सहित छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश एवं महाराष्ट्र से पधारे समाजजनों, आयोजन समिति एवं मीडिया का आभार व्यक्त किया गया।
