शादी का झांसा देकर शोषण और वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार
चिरमिरी।थाना चिरमिरी पुलिस ने एक गंभीर महिला संबंधी प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अनिकेश मीणा को गिरफ्तार किया है। राजगढ़, भोपाल निवासी आरोपी पर एक युवती को शादी का झांसा देकर दो वर्षों तक शारीरिक शोषण करने का आरोप है। पीड़िता और आरोपी के बीच प्रेम संबंध थे, जिसके दौरान आरोपी ने शादी का वादा किया और उसका विश्वास जीतकर दैहिक शोषण किया।
पीड़िता के शादी के लिए दबाव बनाने पर आरोपी मुकर गया और उसके अंतरंग पलों का वीडियो बनाकर न केवल पीड़िता को भेजा, बल्कि अन्य लोगों को भी साझा कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिरमिरी पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं सहित आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया।टीम ने तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी को चिन्हित कर गिरफ्तार किया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जहाँ से उसे रिमांड पर भेजा जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह महिला सम्मान और साइबर अपराध से जुड़ा गंभीर मामला था, जिसमें त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में कदम उठाए गए हैं।
