शिक्षा विभाग को सबसे बड़ा बजट, कैशलैस चिकित्सा सुविधा से कर्मचारियों में उत्साह : धरमदास बंजारे
दुर्ग/छत्तीसगढ़। बजट 2026 में शिक्षा विभाग को सर्वाधिक राशि आवंटित किए जाने तथा कैशलैस चिकित्सा सुविधा की घोषणा से कर्मचारी जगत में उत्साह का माहौल है। छत्तीसगढ़ प्रदेश विद्यालयीन शिक्षक संघ के प्रमुख धरमदास बंजारे ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट प्रदेश के शिक्षा स्तर को ऊंचा उठाने में कारगर साबित होगा।उन्होंने बताया कि शिक्षा के लिए 22,360 करोड़ रुपये का प्रावधान अन्य विभागों की तुलना में सबसे अधिक है, जो स्वागत योग्य है।
यह बजट विशेष रूप से मध्यम वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, पर्यटन, विकास और संस्कृति सभी क्षेत्रों का संतुलित ध्यान रखा गया है, जिससे प्रदेश के समग्र विकास को गति मिलेगी।प्रदेश अध्यक्ष बंजारे ने कहा कि इस बजट से शिक्षकों को काफी उम्मीदें थीं। विशेष रूप से सहायक शिक्षकों के वेतन विसंगति सुधार तथा कर्मचारियों के महंगाई भत्ता (डीए) एरियर भुगतान के लिए राशि की अपेक्षा की जा रही थी, लेकिन इन मुद्दों पर घोषणा न होने से कुछ हद तक निराशा भी हाथ लगी है।वहीं कैशलैस चिकित्सा सुविधा को उन्होंने अत्यंत उपयोगी और महत्वपूर्ण बताते हुए इसका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा मिलेगी तथा आर्थिक बोझ कम होगा।
धरमदास बंजारे ने बजट 2026 के लिए माननीय वित्त मंत्री, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय तथा समस्त प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को विकास के नए आयाम तक पहुंचाएगा।
