आयुक्त का सुबह-सुबह औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था सुधारने दिए सख्त निर्देश

आयुक्त का सुबह-सुबह औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था सुधारने दिए सख्त निर्देश

🔹 वार्डों में जाकर देखी सफाई की हकीकत, लापरवाही पर जताई नाराज़गी

🔹 खामियां मिलने पर तत्काल सुधार के आदेश, बोले– सुबह की सफाई सर्वोच्च प्राथमिकता

दुर्ग | 17 दिसंबर नगर निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल ने बुधवार सुबह अधिकारियों की टीम के साथ दुर्ग शहर के विभिन्न वार्डों में सफाई व्यवस्था का औचक निरीक्षण किया। तड़के सुबह शुरू हुए इस निरीक्षण में आयुक्त ने सड़कों, नालियों, सार्वजनिक स्थलों और मुख्य मार्गों की साफ-सफाई की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर गंदगी, कचरा जमा होने और समय पर कचरा उठाव न होने की शिकायतें सामने आईं।

इस पर आयुक्त ने संबंधित कर्मचारियों को मौके पर ही फटकार लगाते हुए तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सुबह की सफाई अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।आयुक्त ने रास्तों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई, नालियों की नियमित सफाई और मुख्य मार्गों को स्वच्छ बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन वार्डों से लगातार शिकायतें मिल रही हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए।निरीक्षण के दौरान मालवीय नगर और दीपक नगर क्षेत्र में सड़क किनारे दुकानों के साइन बोर्ड हटाने के निर्देश दिए गए।

वहीं भीड़भाड़ वाले स्टेशन रोड और ग्रीन चौक क्षेत्र में सड़क किनारे ठेलों को हटवाने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए दुकानदारों और व्यापारियों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए। गंदगी फैलाने वालों से जुर्माना वसूलने के भी आदेश दिए गए।इसके अलावा आयुक्त ने शीतला तालाब कसारीडीह और गोंडवाना भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता भी बेहद आवश्यक है।

इस निरीक्षण के दौरान प्रभारी कार्यपालन अभियंता गिरीश दीवान, उप अभियंता हरिशंकर साहू, विनोद मांझी, उप अभियंता श्रीमती अर्पणा मिश्रा, स्वास्थ्य अधिकारी दुर्गेश गुप्ता, कर्मशाला अधीक्षक शोएब अहमद, राहुल सहित वार्ड सफाई दरोगा, सुपरवाइजर एवं अतिक्रमण टीम के सदस्य मौजूद रहे।निरीक्षण के अंत में आयुक्त ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और जहां भी गड़बड़ी पाए जाए, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?