दुर्ग / जिला चिकित्सालय को मिला नवजात शिशुओं के हृदय जांच का अत्याधुनिक उपकरण जिला चिकित्सालय के मुखिया सिविल सर्जन सह अधीक्षक डॉ. ए.के. मिंज को मातृत्व एवं शिशु विभाग के अंतर्गत नवजात शिशुओं के हृदय की धड़कन जांचने हेतु एक महत्वपूर्ण उपकरण भेंट किया गया।

यह उपकरण जिला चिकित्सालय की जीवनदीप समिति के आजीवन सदस्य श्री दिलीप ठाकुर द्वारा अपनी माताजी स्व. श्रीमती कला देवी की स्मृति में उपलब्ध कराया गया।यह अत्याधुनिक डॉपलर मशीन नवजात शिशुओं के हृदय की धड़कन की सटीक जांच के लिए अत्यंत उपयोगी है। इसके माध्यम से नवजात के हृदय की वास्तविक स्थिति का त्वरित आकलन किया जा सकता है। जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की विषम या आपात स्थिति सामने आती है, तो समय रहते आवश्यक चिकित्सकीय प्रक्रिया की तैयारी संभव हो पाती है, जिससे नवजात शिशुओं के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित होती है।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी श्री दिलीप ठाकुर द्वारा जिला चिकित्सालय को डॉपलर मशीन उपलब्ध कराई जा चुकी है, जो उनकी सामाजिक सरोकार और मानवीय संवेदनशीलता को दर्शाता है।इस महत्वपूर्ण एवं मूल्यवान सेवा के अवसर पर जीवनदीप समिति के मानद सदस्य श्री प्रशांत डोंगावकर, स्टोर इंचार्ज श्री रमन गंधर्व, सिस्टर मंजू राय सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.पी. मेश्राम, आरएमओ डॉ. अखिलेश यादव एवं डॉ. संजय वालवेंद्र की भी गरिमामय उपस्थिति रही।
चिकित्सालय प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने इस सहयोग के लिए श्री दिलीप ठाकुर का आभार व्यक्त करते हुए इसे नवजात शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।
