सुशासन, विकास और सुरक्षा के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही सरकार : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। Vishnu Deo Sai ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सुशासन, विकास और सुरक्षा के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई की गई है और इसमें शामिल कई लोग आज जेल में हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत राज्य में लगभग 7 करोड़ पौधे लगाए गए हैं। साथ ही उद्योग नीति के अंतर्गत काटे जाने वाले पेड़ों की भरपाई बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण से की जा रही है।
उन्होंने कहा कि देहरादून स्थित वन संरक्षण संस्थान की रिपोर्ट के अनुसार छत्तीसगढ़ में वन एवं वृक्ष आवरण में 683 वर्ग किलोमीटर की वृद्धि दर्ज की गई है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है।नक्सलवाद पर सरकार की सख्ती का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में इसके खिलाफ निर्णायक लड़ाई जारी है और उम्मीद है कि 31 मार्च तक प्रदेश को नक्सलवाद से मुक्त कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहां पहले स्कूल जलाए जाते थे, वहीं अब बस्तर में विकास की नई धारा बह रही है।
स्कूल, अस्पताल और पुनर्वास योजनाओं के कारण बड़ी संख्या में नक्सली आत्मसमर्पण कर रहे हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 10 महीनों में Pradhan Mantri Awas Yojana के तहत 5 लाख से अधिक आवासों का निर्माण किया गया है, जो देश में सबसे अधिक है। किसानों से 21 क्विंटल तक 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी गई है और अंतर की राशि होली से पहले किसानों को दी जाएगी।उन्होंने बताया कि सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए दो वर्षों में 10 हजार 700 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
राज्य में 32 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है और भर्ती व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए नया अधिनियम लाया जाएगा। शासकीय कर्मचारियों को कैशलैस इलाज की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘जी राम जी योजना’ के तहत मनरेगा से अधिक 125 दिनों का रोजगार दिया जाएगा। सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी दी जा रही है और प्रधानमंत्री सौर घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत हजारों घरों को रोशन किया जा चुका है।रेल और संचार सुविधाओं पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अमृत स्टेशन योजना के तहत 32 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है।
नागपुर और विशाखापट्टनम के लिए वंदेभारत एक्सप्रेस शुरू की गई है। राज्य में नई रेल लाइनों और परियोजनाओं पर बड़े पैमाने पर काम जारी है। साथ ही 500 नए मोबाइल टावर स्वीकृत किए गए हैं।स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में पांच नए मेडिकल कॉलेज शुरू किए जा रहे हैं। आयुष्मान भारत योजना के तहत अब तक हजारों करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। ग्रामीण स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया अपनाई गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को विकास, सुरक्षा और सुशासन के नए शिखर तक पहुंचाना है। उन्होंने नागरिकों से सौर ऊर्जा सहित विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील भी की।
