धरसींवा में आधुनिक तहसील कार्यालय का लोकार्पण, प्रशासनिक सेवाओं को मिलेगा नया आयाम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया शुभारंभ, नागरिकों को मिलेगी तेज और पारदर्शी सेवा
66.20 लाख की लागत से बना सर्वसुविधायुक्त भवन, लोक सेवा केंद्र और आधार सुविधा भी उपलब्ध
रायपुर/31 मार्च 2026। विष्णु देव साय ने आज धरसींवा में नवनिर्मित आधुनिक तहसील कार्यालय का लोकार्पण किया। यह पहल प्रशासनिक सेवाओं को आमजन के और अधिक सुलभ, तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन का मूल उद्देश्य नागरिकों को उनकी जरूरत की सेवाएं समय पर और सरल तरीके से उपलब्ध कराना है।
धरसींवा का यह नया तहसील कार्यालय इसी सोच का परिणाम है, जिससे क्षेत्र के लोगों को राजस्व संबंधी कार्यों में अब अधिक सुविधा और तेजी मिलेगी।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार प्रशासनिक ढांचे को मजबूत करने और ग्रामीण-शहरी क्षेत्रों में सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के लिए कार्य कर रही है, ताकि हर नागरिक को बिना किसी परेशानी के बेहतर सुविधाएं मिल सकें।नवनिर्मित तहसील कार्यालय में नायब नाजिर कक्ष, रिकॉर्ड रूम, माल जमार, नकल शाखा, कानूनगो कक्ष, भुइयां एवं भू-अभिलेख शाखा जैसी सभी आवश्यक इकाइयों की व्यवस्था की गई है।
साथ ही लोक सेवा केंद्र और आधार केंद्र की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं मिल सकें।उल्लेखनीय है कि इस आधुनिक भवन का निर्माण 66.20 लाख रुपये की लागत से किया गया है, जो क्षेत्र के प्रशासनिक ढांचे को मजबूती प्रदान करेगा और सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सहायक साबित होगा।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा, संभागायुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप एवं जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
