सिख गुरुओं की सीख और बलिदान हम सभी को देते हैं प्रेरणा : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर। विष्णु देव साय ने कहा है कि सिख गुरुओं की त्याग, बलिदान और मानवता की सेवा की परंपरा हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री साय ने राजधानी रायपुर स्थित रेलवे स्टेशन गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेकते हुए प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सिख संगत द्वारा आयोजित होला मोहल्ला यात्रा के लिए निःशुल्क बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस यात्रा में लगभग 1200 श्रद्धालु 17 बसों, 2 ट्रकों और अन्य वाहनों के साथ तख्त श्री हजूर साहिब तथा गुरुद्वारा नानक झीरा साहिब के लिए प्रस्थान किए।
यह यात्रा सिख समाज की आस्था, परंपरा और सामूहिक श्रद्धा का प्रतीक मानी जाती है।मुख्यमंत्री साय ने संगत को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु गोबिंद सिंह से जुड़े पवित्र स्थलों पर आयोजित होला मोहल्ला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि साहस, सेवा और राष्ट्रभक्ति की महान परंपरा का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सिख गुरुओं द्वारा स्थापित शौर्य और समर्पण की विरासत सदैव देशवासियों को प्रेरित करती रहेगी।उन्होंने कहा कि यह अत्यंत खुशी का विषय है कि सिख संगत द्वारा लगातार 25वें वर्ष इस भव्य आयोजन का सफल संचालन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इस उत्कृष्ट आयोजन के लिए सिख समाज को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर बृजमोहन अग्रवाल, अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा, गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह छाबड़ा सहित सिख समाज के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
