वेयरहाउस में चने की छल्ली में दबने से दो मासूम बच्चों की मौत, इलाके में शोक
भाटापारा। धौराभाटा स्थित बंशी गोपाल वेयरहाउस में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। वेयरहाउस में रखी चने की छल्ली में दबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। मृतक बच्चे एक महिला श्रमिक के बताए जा रहे हैं, जो वेयरहाउस में काम करती थी।प्राप्त जानकारी के अनुसार, महिला श्रमिक के दोनों बच्चे वेयरहाउस परिसर में खेल रहे थे। इसी दौरान चने की छल्ली खिसकने से बच्चे उसके नीचे दब गए।
घटना की जानकारी मिलते ही बच्चों को तत्काल उपचार के लिए सिविल अस्पताल भाटापारा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद वेयरहाउस परिसर में अफरा-तफरी मच गई और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
सूचना मिलने पर भाटापारा ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई लापरवाही की जांच कर रही है।
