धनोरा में दो दिवसीय देवी जस गीत एवं भव्य झांकी प्रतियोगिता का शुभारंभ आज से
दुर्ग।बाबा दरबार पावन धाम, धनोरा (जिला दुर्ग) में आज से देवी जस गीत एवं झांकी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन प्रारंभ हो गया है। यह धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन 3 एवं 4 जनवरी को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र की प्रसिद्ध भजन–जस मंडलियाँ अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों से भक्तों को भाव-विभोर करेंगी।कार्यक्रम का शुभारंभ प्रतिदिन प्रातः 10 बजे गांव के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया जाएगा।
इसके पश्चात देवी जस गीत एवं झांकी प्रतियोगिता का विधिवत प्रारंभ होगा।दरबार के श्री लक्ष्मण बाबा जी ने बताया कि यह प्रतियोगिता लगातार दो दिनों तक चलेगी, जिसमें एक से बढ़कर एक मंडलियाँ अपनी मनमोहक झांकियों और भक्तिमय जस गीतों के माध्यम से माता रानी की महिमा का गुणगान करेंगी।प्रतियोगिता के प्रथम दिन शनिवार को जागृति नवदुर्गा सेवा मंडली, बाजार चौक धनोरा मंचस्थ होकर कार्यक्रम की शुरुआत करेगी, वहीं रविवार को जय मां शीतला सेवा भजन मंडली के साथ प्रसिद्ध भजन गायक हेमंत साहू एवं सतीश साहू (धनोरा) अपनी मंडली के साथ भव्य प्रस्तुति देंगे।
इसी तिथि पर क्षेत्र के बोरसी, हनोदा, चंदखुरी, कोड़ियां, कोकड़ी एवं मड़ोदा नेवई में भी देवी जस गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया है।
आयोजकों ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक आयोजन का लाभ लें। दो दिनों तक पूरा गांव एवं क्षेत्र माता रानी की भक्ति में डूबा रहेगा और भक्तजन इस दिव्य अवसर पर अपने जीवन को भक्तिरस से सराबोर कर पुण्य लाभ अर्जित करेंगे।
