जेल अधीक्षक और थाना प्रभारी बनकर 75 हजार की ठगी, नेपाल बॉर्डर से दो आरोपी गिरफ्तार

सूरजपुर जिले के बसदेई थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी के दो आरोपियों को उत्तरप्रदेश के बहराइच स्थित नेपाल बॉर्डर से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने खुद को थाना प्रभारी और जेल अधीक्षक बताकर एक व्यक्ति से 75 हजार रुपये की ऑनलाइन ठगी की थी।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित के बेटे को अंबिकापुर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया था। इसी दौरान दो अज्ञात व्यक्तियों ने पीड़ित को फोन कर खुद को थाना प्रभारी और जेल अधीक्षक बताया। आरोपियों ने झांसा दिया कि यदि 75 हजार रुपये ऑनलाइन भेज दिए जाएं तो उसके बेटे को छोड़ दिया जाएगा।बेटे को छुड़ाने की उम्मीद में पीड़ित ने बताए गए खाते में 75 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसे ठगी का एहसास हुआ तो उसने बसदेई थाना में शिकायत दर्ज कराई।शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मोबाइल नंबर और बैंक डिटेल्स के आधार पर तकनीकी जांच शुरू की।

जांच के दौरान आरोपियों की लोकेशन उत्तरप्रदेश के बहराइच स्थित नेपाल बॉर्डर क्षेत्र में मिली। पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने और कितने लोगों को इसी तरह ठगी का शिकार बनाया है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के झांसे में आकर पैसे ट्रांसफर न करें और ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?