दुर्ग में दो साल का सुशासन — आईटी हब, सड़क विकास और खेल सुविधाओं की बड़ी सौगात मंत्री- गजेंद्र यादव
दुर्ग / स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग एवं विधि-विधायी मंत्री गजेन्द्र यादव ने प्रेस वार्ता में प्रदेश सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर उपलब्धियों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में दुर्ग विधानसभा में खेल, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं नगर विकास के लिए करोड़ों की राशि स्वीकृत हुई है। दुर्ग को आईटी हब बनाने की दिशा में आईआईटी भिलाई और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच आईटी पार्क स्थापना हेतु एमओयू किया गया है, जिससे युवाओं को रोजगार और स्टार्टअप के अवसर मिलेंगे।
शहर में 1100 से अधिक बिजली पोल, छह स्थानों पर हाईमास्ट लाइट और कई स्थानों पर सोलर हाईमास्ट लगाए जा रहे हैं। लगभग सभी वार्डों में सीसी सड़क और नाली निर्माण तेजी से जारी है। सड़कों के चौड़ीकरण और फोरलेन निर्माण के लिए 1 अरब 5 करोड़ से अधिक राशि स्वीकृत हो चुकी है। खेल अवसंरचना में इंडोर बैडमिंटन हॉल का लोकार्पण किया गया, स्विमिंग पूल और उरला मिनी स्टेडियम निर्माण अंतिम चरण में है।
शिक्षा के क्षेत्र में 70 स्कूलों को स्मार्ट स्कूल बनाने की प्रक्रिया जारी है तथा 500 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी के लिए 1142 लाख की स्वीकृति मिली है। चंडी मंदिर और शीतला मंदिर के सौंदर्यीकरण के कार्य भी प्रारंभ हो चुके हैं। मंत्री यादव ने कहा कि जनता का विश्वास ही विकास की सबसे बड़ी प्रेरणा है।
