नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: 1 करोड़ का इनामी CCM गणेश उईके ढेर, 2 महिला नक्सलियों सहित 6 माओवादी मारे गए
बस्तर | 25 दिसंबर 2025छत्तीसगढ़–ओडिशा सीमा से सटे नक्सल प्रभावित इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। ओडिशा के कंधमाल जिले में हुए मुठभेड़ में 1 करोड़ रुपये से अधिक का इनामी, माओवादी संगठन का सेंट्रल कमेटी मेंबर (CCM) गणेश उईके सहित कुल 6 नक्सली मारे गए हैं। मारे गए नक्सलियों में दो महिला कैडर भी शामिल हैं।ओडिशा पुलिस एवं सुरक्षा बलों ने कंधमाल और गंजाम जिलों की सीमावर्ती वन क्षेत्रों में संयुक्त नक्सल विरोधी अभियान के दौरान यह सफलता हासिल की।
इस कार्रवाई को माओवादी संगठन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।मारा गया गणेश उईके वर्ष 1988 से दंडकारण्य क्षेत्र में सक्रिय था और माओवादी संगठन का वरिष्ठ एवं कट्टर कैडर माना जाता था। उसने जगदलपुर में सिटी ऑर्गनाइज़र (1988–1998), वेस्ट बस्तर डिवीजनल कमेटी के सचिव (1998–2006) और बाद में दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी के सदस्य के रूप में काम किया। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर जिलों में कुल 16 गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज थे।
गणेश उईके वर्ष 2014 में सुकमा जिले के तोंगपाल क्षेत्र अंतर्गत तहकवाड़ा में हुए उस सशस्त्र हमले में भी शामिल था, जिसमें 15 पुलिस जवान शहीद हुए थे। उसके आपराधिक कृत्यों में नागरिकों की हत्या, अपहरण, पुलिस बलों पर हमले और हथियारों व विस्फोटकों का अवैध उपयोग शामिल रहा है।शेष तीन मारे गए माओवादियों की पहचान ओडिशा पुलिस द्वारा की जा रही है।
पुलिस महानिरीक्षक, बस्तर रेंज श्री सुंदरराज पैट्लिंगम ने कहा कि गणेश उईके की निष्क्रियता माओवादी नेतृत्व, विशेषकर ओडिशा स्टेट कमेटी के लिए बड़ा झटका है। इससे नक्सलियों की कमान और समन्वय क्षमता कमजोर होगी। उन्होंने यह भी कहा कि शेष माओवादी कैडरों के लिए हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटना ही एकमात्र व्यवहारिक विकल्प है।
