वाहन किराया लेकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 10 वाहन जब्त

वाहन किराया लेकर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 10 वाहन जब्त

दुर्ग, 27 मार्च। दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वाहन किराया लेकर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। थाना मोहन नगर क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई में पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे एवं गिरवी रखे गए कुल 10 वाहनों को जब्त किया है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी आकुब खान की शिकायत पर अपराध क्रमांक 221/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी “माँ लक्ष्मी टूर एण्ड ट्रेवल्स” के नाम से लोगों से वाहन किराये पर लेते थे, लेकिन न तो किराया भुगतान करते थे और न ही वाहन वापस करते थे। इसके बजाय वे वाहनों को अन्य लोगों के पास गिरवी रख देते थे।

मामले में आरोपी अमित कुमार सिंह (28 वर्ष) निवासी चारभाटा, जिला राजनांदगांव और वरुण सलामे (25 वर्ष) निवासी डोंगरगढ़ को गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।पुलिस ने आरोपियों के पास से 9 चार पहिया वाहन और 1 मोटरसाइकिल सहित कुल 10 वाहन बरामद किए हैं, जिनमें स्कॉर्पियो, अर्टिगा, थार, स्विफ्ट, टाटा पंच, बलेनो और बुलेट जैसी गाड़ियां शामिल हैं।पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि आरोपी आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से इस ठगी को अंजाम दे रहे थे।

इस कार्रवाई में थाना मोहन नगर पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही, जिन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी संख्या में वाहन बरामद किए।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वाहन किराये पर देने से पहले संबंधित व्यक्ति या संस्था का पूरा सत्यापन अवश्य करें और बिना वैधानिक दस्तावेज के वाहन न दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?