सुशासन तिहार शिविर में 982 आवेदन, मौके पर हुआ त्वरित निराकरण

सुशासन तिहार शिविर में 982 आवेदन प्राप्त, मौके पर हुआ त्वरित निराकरण

ड्राइविंग लाइसेंस से लेकर विवाह प्रमाण पत्र तक हितग्राहियों को मिली राहत

प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को मिली आवास की चाबी और स्वीकृति पत्र

दुर्ग, 23 मई 2026। नगर पालिक निगम सीमा क्षेत्र अंतर्गत पुरानी गंज मंडी में आयोजित सुशासन तिहार जनसमस्या निवारण शिविर में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों से कुल 982 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 772 मांग एवं 210 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल रहे।शिविर के दौरान कई नागरिकों को मौके पर ही राहत प्रदान की गई। त्वरित निराकरण के तहत 35 ड्राइविंग लाइसेंस, 2 श्रवण यंत्र, 4 राशन कार्ड, 3 विवाह प्रमाण पत्र एवं 1 जन्म प्रमाण पत्र का वितरण किया गया।

कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा, ग्रामोद्योग, विधि एवं विधायी कार्य मंत्री गजेन्द्र यादव, महापौर अलका बाघमार, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, कलेक्टर अभिजीत सिंह, निगम आयुक्त सुमित अग्रवाल एवं सभापति श्याम शर्मा सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति एवं आवेदन निराकरण की जानकारी ली।इस अवसर पर मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे।

उन्होंने कहा कि सरकार जनता के बीच पहुंचकर योजनाओं पर प्रतिक्रिया प्राप्त कर रही है तथा शिविरों के माध्यम से समस्याओं का समाधान किया जा रहा है।महापौर अलका बाघमार ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराने एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना शासन की प्राथमिकता है।कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं आवास की चाबी प्रदान की गई।

साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 10 गर्भवती माताओं की गोदभराई रस्म भी संपन्न कराई गई।इस अवसर पर एमआईसी सदस्य देव नारायण चन्द्राकर, नरेंद्र बंजारे, श्रीमती लीना दिनेश देवांगन, ज्ञानेश्वर ताम्रकार, शिव नायक, निलेश अग्रवाल, श्रीमती हर्षिका संभव जैन, श्रीमती शशी साहू, एसडीएम हरिवंश मिरी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?