मोदी की गारंटी पूरी कराने 29 से 31 दिसंबर तक तृतीय चरण काम बंद–कलम बंद आंदोलन, पाटन अनुविभाग के कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

दुर्ग/पाटन।छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय आव्हान पर प्रदेशभर में “मोदी की गारंटी” के तहत कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए तृतीय चरण का निश्चित कालीन आंदोलन घोषित किया गया है। इसी क्रम में अनुविभाग पाटन अंतर्गत कार्यरत अधिकारी–कर्मचारियों ने 29, 30 एवं 31 दिसंबर 2025 को तीन दिवसीय शांतिपूर्ण काम बंद–कलम बंद हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में अनुविभाग पाटन के अधिकारी–कर्मचारियों की ओर से अनुविभागीय दंडाधिकारी पाटन को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में मांग की गई है कि केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता प्रदान किया जाए, जुलाई 2019 से लंबित डीए एरियर्स को जीपीएफ में समायोजित किया जाए, विभिन्न संवर्गों की वेतन विसंगतियों को दूर किया जाए तथा प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना के आधार पर समस्त सेवा लाभ प्रदान किए जाएं।
इन प्रमुख मांगों सहित कुल 11 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन किया जा रहा है।कर्मचारियों ने बताया कि आंदोलन के दौरान अनुविभाग पाटन के सभी विभागों के कर्मचारी–अधिकारी शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक शाला दुर्ग (झाडूराम देवांगन स्कूल, जीई रोड दुर्ग) के सामने हड़ताल पर रहेंगे।ज्ञापन सौंपने के दौरान छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के प्रांतीय प्रवक्ता ललित बिजौरा, संरक्षक टिकेन्द्र वर्मा, जिला मीडिया प्रभारी भानु प्रताप यादव, ब्लॉक संयोजक महेन्द्र कुमार साहू, संभागीय महामंत्री चंचल द्विवेदी, पाटन ब्लॉक पेंशनर्स संघ अध्यक्ष हीरासिंह वर्मा सहित सी.एल. भूआर्य, योगेश्वर महिपाल, सतीश शर्मा, दिलेश कुमार, सी.एल. निषाद, जितेश कुमार वर्मा, नीलमणी वर्मा, झरना दास, प्रहलाद पांडेय, रानू नागरिया, अनीता धुरंधर, रेशमा यादव, प्रवीण शर्मा, मोतीलाल मार्कण्डेय, ढालसिंग साहू सहित विभिन्न विभागों के बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कर्मचारी नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
