ठंडा भजिया बना मौत की वजह: रायपुर में शराब पार्टी के दौरान दोस्त ने दोस्त की कर दी हत्या, आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शराब पार्टी के दौरान ठंडा भजिया लाने की मामूली बात पर हुआ विवाद एक युवक की मौत का कारण बन गया। खम्हारडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत कचना स्थित साहू दूध डेयरी में एक युवक ने अपने ही दोस्त की लोहे की रॉड से पीट-पीटकर हत्या कर दी।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दुर्गेश सतनामी और आरोपी सनी साहू दोनों साहू दूध डेयरी में कार्यरत थे और आपस में अच्छे दोस्त थे।
23–24 दिसंबर की दरम्यानी रात दोनों ने पहले शराब पी रखी थी और बाद में डेयरी में बैठकर दोबारा शराब का सेवन कर रहे थे। इसी दौरान दुर्गेश खाने के लिए भजिया लेकर आया, जो ठंडा हो चुका था।ठंडे भजिया पर भड़का विवाद भजिया ठंडा होने की बात पर सनी साहू गुस्से में आ गया। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ी और गुस्से में आकर सनी ने पास पड़ी लोहे की रॉड उठाकर दुर्गेश सतनामी पर हमला कर दिया। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने से दुर्गेश मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा।
अस्पताल ले गया आरोपी, डॉक्टरों ने किया मृत घोषित घटना के बाद आरोपी सनी साहू खुद घायल दुर्गेश को इलाज के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचा, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी अपने दोस्त की मौत के बाद गहरे सदमे में था और अस्पताल में शव के पास बैठकर लगातार रोता और पछतावा करता रहा। हत्या का मामला दर्ज, आरोपी गिरफ्तार मामले की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 405/25 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में हत्या का मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना खम्हारडीह पुलिस एवं एंटी क्राइम और साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सनी साहू को गिरफ्तार कर लिया। घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी जब्त कर ली गई है। गिरफ्तार आरोपी का विवरण गिरफ्तार आरोपी सनी साहू (22 वर्ष), पिता राजेश साहू, निवासी दुर्गा चौक, शनि मंदिर के पास, थाना खम्हारडीह, रायपुर बताया गया है।
फिलहाल पुलिस आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।यह घटना एक बार फिर यह संदेश देती है कि नशा और गुस्से का एक पल किस तरह रिश्तों के साथ-साथ पूरी ज़िंदगी तबाह कर सकता है।
