पेंशनरों की लंबित मांगों पर आंदोलन का निर्णय, जांजगीर में सम्पन्न हुई वार्षिक आमसभा

पेंशनरों की लंबित मांगों पर आंदोलन का निर्णय, जांजगीर में सम्पन्न हुई वार्षिक आमसभा


जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ अधिकारी-कर्मचारी पेंशनर्स एसोसिएशन की वार्षिक आमसभा रविवार 17 मई 2026 को खोखरा (जांजगीर) स्थित मनका दाई मंदिर के समीप आर्या मैरिज गार्डन में आयोजित हुई। कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय विधायक व्यास कश्यप के मुख्य आतिथ्य एवं प्रदेश अध्यक्ष पी.आर. यादव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।


कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा, पुष्पांजलि एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई। मुख्य अतिथि विधायक व्यास कश्यप ने जांजगीर में “सियान सदन (पेंशनर भवन)” निर्माण के लिए प्रयास करने तथा पेंशनरों की समस्याओं और मांगों के समर्थन में विधानसभा से लेकर सड़क तक संघर्ष में साथ देने का आश्वासन दिया।


प्रदेश अध्यक्ष पी.आर. यादव ने कहा कि संगठन गठन के एक वर्ष के भीतर 1100 से अधिक संरक्षक एवं आजीवन सदस्य जुड़ चुके हैं। उन्होंने अगले वर्ष तक सदस्य संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य तय करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में संगठन ने पेंशनरों की विभिन्न मांगों को लेकर फेडरेशन एवं प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ के साथ मिलकर दो बार प्रदर्शन किया तथा शासन को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित किया।


आमसभा के द्वितीय सत्र में संगठन की उपलब्धियों, प्रतिवेदन तथा वर्ष 2025-26 के ऑडिटेड आय-व्यय विवरण को सर्वसम्मति से पारित किया गया। संगठन विस्तार को ध्यान में रखते हुए नियमावली संशोधन प्रस्ताव भी ध्वनि मत से पारित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए भविष्य में वार्षिक आमसभा मई के स्थान पर अप्रैल माह में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।


बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर शासन को ज्ञापन सौंपने एवं जिला मुख्यालयों में आंदोलन करने का प्रस्ताव पारित किया गया। प्रमुख मांगों में लंबित 2 प्रतिशत महंगाई राहत का भुगतान, राज्य पुनर्गठन अधिनियम 49(6) की विसंगति समाप्त करने, कैशलेस चिकित्सा सुविधा लागू करने, 70 वर्ष की आयु के बाद 20 प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन देने, तीर्थयात्रा योजना में पेंशनरों को शामिल करने तथा सेवानिवृत्ति के दिन सभी स्वत्वों का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग शामिल रही।


आमसभा में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान चलाने तथा वर्ष में एक बार पर्यटन एवं भ्रमण कार्यक्रम आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया।


कार्यक्रम को प्रदेश महामंत्री उमेश मुदलियार, पवन शर्मा, हिमाचल साहू सहित विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों ने संबोधित किया।
आयोजन की सफलता के लिए जिला जांजगीर-चांपा अध्यक्ष एम.पी. राठौर, सचिव जी.एस. उपाध्याय एवं उनकी टीम की सराहना की गई।


रायपुर, बिलासपुर सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से लगभग 500 से अधिक पेंशनर्स साथियों ने आमसभा में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?