शैक्षणिक गुणवत्ता पर बीईओ का फोकस, कुम्ही-धोबघट्टी संकुल की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न

पंडरिया। विकासखंड के कुम्ही एवं धोबघट्टी संकुल की संयुक्त समीक्षा बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता, विभागीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और समयबद्ध कार्यों पर विशेष जोर दिया गया। बैठक की अध्यक्षता विकासखंड शिक्षा अधिकारी दीपक ठाकुर ने की।बैठक को संबोधित करते हुए बीईओ दीपक ठाकुर ने कहा कि शासन की प्राथमिकता के अनुरूप प्रत्येक विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करना सभी प्रधान पाठकों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालय स्तर पर प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर पाठ्यक्रम का समयबद्ध संचालन, विद्यार्थियों का नियमित मूल्यांकन तथा उनके सीखने के स्तर में निरंतर सुधार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सभी विभागीय योजनाओं एवं शासकीय निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन किया जाए।समीक्षा बैठक में वीएसके उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन (एमडीएम) की ऑनलाइन प्रविष्टि, निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश वितरण, छात्रवृत्ति, विद्यार्थी प्रोग्रेशन सहित विभिन्न विभागीय कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।बीईओ ने स्पष्ट कहा कि विद्यालय निरीक्षण के दौरान अनुशासित शैक्षणिक वातावरण, सुव्यवस्थित कक्षाएं, समय-सारिणी का प्रदर्शन तथा विद्यार्थियों की सीखने की गुणवत्ता स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने सभी प्रधान पाठकों से विद्यालयों में नियमित मॉनिटरिंग कर बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का आह्वान किया।
बैठक में कुम्ही एवं धोबघट्टी संकुल के समस्त प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक उपस्थित रहे।
