जेडी स्टील इंडस्ट्रीज में हादसा, श्रमिक की मौत के बाद फर्नेस और सीसीएम संचालन पर रोक

जेडी स्टील इंडस्ट्रीज में हादसा, श्रमिक की मौत के बाद फर्नेस और सीसीएम संचालन पर रोक

– सुरक्षा ऑडिट कराकर 7 दिनों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश

दुर्ग, 21 अक्टूबर 2026/ जिले के रसमड़ा स्थित जेडी स्टील इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड में 17 अक्टूबर 2026 को हुए औद्योगिक हादसे में श्रमिक संतोष श्रीवास्तव की मौत हो गई। घटना के बाद औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने संबंधित फर्नेस, लैडल, टंडिश कार, नोजल और कंटीन्यूअस कास्टिंग मशीन (सीसीएम) से जुड़े परीक्षण एवं संचालन कार्यों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने का आदेश जारी किया है।

उप संचालक औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 अक्टूबर को तड़के करीब 1.30 बजे संयंत्र में परीक्षण कार्य के दौरान 15 टन क्षमता वाली फर्नेस से लगभग 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान की पिघली हुई धातु टंडिश कार में स्थानांतरित की जा रही थी। इसी दौरान पर्जिंग प्रक्रिया में अत्यधिक लांसिंग और नोजल में अवरोध के कारण टंडिश की बॉटम प्लेट फट गई। इससे गर्म पिघली हुई धातु श्रमिक संतोष श्रीवास्तव के ऊपर गिर गई, जिससे गंभीर रूप से झुलसने के कारण उनकी मृत्यु हो गई।

घटना के बाद कार्यालय उप संचालक, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, दुर्ग संभाग ने व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। संयंत्र प्रबंधन को सक्षम तकनीकी विशेषज्ञों के माध्यम से सुरक्षा ऑडिट कराने और सात दिनों के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि संचालन पर रोक से प्रभावित श्रमिकों को वेतन एवं अन्य लाभ दिए जाएंगे।

साथ ही जहां संभव हो अधिभोगी द्वारा उन्हें वैकल्पिक रोजगार दिए जाने के निर्देश दिए गए हैं ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?