धान घोटाले पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, ‘मुसवा बारात’ बनी आकर्षण का केंद्र

धान घोटाले पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, ‘मुसवा बारात’ बनी आकर्षण का केंद्र

दुर्ग/ छत्तीसगढ़ में सरकारी गोदामों से करोड़ों रुपये के धान के नुकसान को “चूहों द्वारा खाए जाने” के भाजपा सरकार के दावे के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी दुर्ग (ग्रामीण) ने मंगलवार को अनोखा और प्रतीकात्मक “मुसवा (चूहा) प्रदर्शन” किया। यह प्रदर्शन राजीव भवन दुर्ग से कलेक्टर कार्यालय तक ढोल-नगाड़ों, नारों और झांकियों के साथ निकाला गया, जिसने आम जनता और मीडिया का विशेष ध्यान खींचा।

प्रदर्शन की सबसे खास झांकी “चूहा बारात” रही, जिसमें चूहे के वेश में सजे कार्यकर्ता धान लेकर नाचते-गाते पहुंचे। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से चार चूहे प्रशासन को सौंपे, जिन पर प्रदेश सरकार के मंत्रियों के नाम अंकित थे। इसके माध्यम से कांग्रेस ने संदेश दिया कि धान चूहों ने नहीं, बल्कि भाजपा सरकार और उसके मंत्रीगणों ने खाया है।जिला कांग्रेस अध्यक्ष राकेश ठाकुर ने कहा कि किसानों की मेहनत की कमाई पर सरकार पर्दा डालने की कोशिश कर रही है।

टोकन व्यवस्था और समय-सीमा के कारण बड़ी मात्रा में धान की खरीदी नहीं हो पा रही, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। प्रदेश महामंत्री राजेन्द्र साहू ने गोदामों की सुरक्षा और जिम्मेदारी पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के बाद कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?