दुर्ग–भिलाई कनेक्टिविटी को मिलेगी रफ्तार: रायपुर नाका–हुडको अंडरब्रिज की मांग तेज
दुर्ग, 9 अप्रैल। नगर पालिक निगम दुर्ग की महापौर अलका बाघमार ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और संतुलित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए डिप्टी मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव से सौजन्य भेंट की। इस दौरान उन्होंने रायपुर नाका, दुर्ग से भिलाई के हुडको कॉलोनी तक अंडरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर औपचारिक पत्र सौंपा।महापौर द्वारा सौंपे गए मांग पत्र में बताया गया कि वर्तमान में दुर्ग-भिलाई फ्लाईओवर के नीचे केवल एक दिशा में ही अंडरब्रिज की सुविधा उपलब्ध है, जिससे यातायात का संतुलन प्रभावित हो रहा है। वहीं हुडको कॉलोनी की ओर सीधा मार्ग नहीं होने के कारण लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ता है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अनावश्यक खपत हो रही है।स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहा है और वाहनों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में अधूरी यातायात व्यवस्था के कारण जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
महापौर अलका बाघमार ने मंत्री को अवगत कराया कि यदि दुर्ग फ्लाईओवर के नीचे से हुडको कॉलोनी की दिशा में भी अंडरब्रिज का निर्माण किया जाता है, तो इससे आवागमन सुगम होगा और शहर की यातायात व्यवस्था अधिक व्यवस्थित व सुरक्षित बनेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना से स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और दुर्ग शहर के समग्र विकास को नई गति मिलेगी।इस पर डिप्टी सीएम अरुण साव ने प्रस्ताव पर सकारात्मक रूप से विचार करने का आश्वासन दिया।
साथ ही महापौर ने शहर से जुड़े अन्य विकास कार्यों पर भी विस्तार से चर्चा की।
