राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: यातायात पुलिस दुर्ग का जिलेभर में व्यापक जन जागरूकता अभियान

राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026: यातायात पुलिस दुर्ग का जिलेभर में व्यापक जन जागरूकता अभियान

दुर्ग। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा जिलेभर में सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने हेतु व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत शासकीय संस्थानों, बैंक परिसरों, स्कूलों, कॉलेजों, सार्वजनिक स्थलों एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर सड़क सुरक्षा से संबंधित बैनर, पोस्टर एवं जागरूकता सामग्री प्रदर्शित की जा रही है।इन बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से आम नागरिकों को ड्रिंक एंड ड्राइव न करने, तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन न चलाने, मालवाहक वाहनों में यात्रा न करने, दोपहिया वाहन चालकों एवं पीछे बैठने वाले यात्रियों द्वारा हेलमेट के अनिवार्य उपयोग, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने जैसे महत्वपूर्ण संदेश दिए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा से संबंधित प्रेरणादायक कविताओं, स्लोगनों एवं संदेशात्मक पोस्टरों के माध्यम से नागरिकों को सरल, प्रभावी एवं रचनात्मक ढंग से यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है, जिससे वे स्वयं की तथा अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के प्रति अधिक संवेदनशील बन सकें।उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन प्रतिवर्ष 1 जनवरी से 31 जनवरी तक किया जाता है। इस अवधि में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों की आधारभूत जानकारी दी जाती है।

सड़क दुर्घटनाओं के विश्लेषण से यह तथ्य सामने आया है कि कुल सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 78.7 प्रतिशत दुर्घटनाएं चालकों की त्रुटियों के कारण होती हैं, जिनमें प्रमुख रूप से शराब अथवा मादक पदार्थों का सेवन कर वाहन चलाना, मोबाइल फोन का उपयोग, क्षमता से अधिक सवारी बैठाना, निर्धारित गति सीमा से अधिक तेज वाहन चलाना तथा थकान की अवस्था में वाहन चलाना शामिल है।

यातायात पुलिस दुर्ग की यह पहल नागरिकों को सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार यातायात व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और सुरक्षित यातायात संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?