पटवारियों के समर्थन में 18 नवंबर को कवर्धा में गरजेगा कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन, निकलेगी आक्रोश रैली
पटेल मैदान से कलेक्ट्रेट तक गूंजेगी कर्मचारियों की आवाज, लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते का एरियर्स सहित भुगतान करने की उठेगी मांग
कवर्धा। राजस्व पटवारी संघ के अनिश्चितकालीन आंदोलन को अब कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन का भी खुला समर्थन मिल गया है। पटवारियों की लंबित मांगों और शासकीय कर्मचारियों के 3 प्रतिशत महंगाई भत्ते (डीए) के एरियर्स सहित भुगतान की मांग को लेकर 18 नवंबर को कवर्धा में जिला स्तरीय आक्रोश रैली निकाली जाएगी। इस आंदोलन के जरिए कर्मचारी-अधिकारी एकजुट होकर शासन के समक्ष अपनी मांगों को बुलंद करेंगे।
कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन की रविवार को आयोजित आपातकालीन वर्चुअल बैठक में सर्वसम्मति से आंदोलन में शामिल होने का निर्णय लिया गया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 18 नवंबर को पटेल मैदान, कवर्धा से जिलेभर के विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एकत्रित होकर आक्रोश रैली निकालेंगे। रैली के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन कलेक्टर को सौंपकर लंबित मांगों के शीघ्र निराकरण की मांग की जाएगी।
पटवारियों के आंदोलन को मिला व्यापक समर्थनराजस्व पटवारी संघ के अनिश्चितकालीन आंदोलन को समर्थन देते हुए फेडरेशन ने स्पष्ट किया है कि कर्मचारियों की जायज मांगों की अनदेखी अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फेडरेशन का कहना है कि पटवारी राजस्व व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना आवश्यक है। कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए सभी कर्मचारी संगठनों को एक मंच पर आकर संघर्ष करना होगा।
3 प्रतिशत डीए का एरियर्स सहित भुगतान प्रमुख मांगआक्रोश रैली में शासकीय कर्मचारियों को लंबित 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देय तिथि से एरियर्स सहित प्रदान करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। फेडरेशन का कहना है कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को मिलने वाला महंगाई भत्ता समय पर दिया जाना चाहिए। इसके साथ ही पेंशनभोगियों को महंगाई राहत (डीआर) का लाभ भी समय पर उपलब्ध कराने की मांग की जाएगी।मांगें नहीं मानीं तो प्रदेशव्यापी आंदोलन की चेतावनीफेडरेशन ने शासन को स्पष्ट संदेश दिया है कि यदि लंबित मांगों का शीघ्र सकारात्मक निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इसके अगले चरण में एक दिवसीय प्रांतव्यापी आंदोलन किया जाएगा। ऐसे में 18 नवंबर की आक्रोश रैली को कर्मचारी-अधिकारी आंदोलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन के जिला अध्यक्ष एवं जिला संयोजक अर्जुन चंद्रवंशी, सहसंयोजक भवेंद्र शर्मा एवं सतीश चंद्राकर ने जिले के समस्त विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों से 18 नवंबर को पटेल मैदान पहुंचकर अधिक से अधिक संख्या में आंदोलन में शामिल होने की अपील की है।फेडरेशन पदाधिकारियों ने कहा कि यह लड़ाई केवल पटवारियों की मांगों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के समस्त शासकीय कर्मचारियों के अधिकारों और हितों से जुड़ा विषय है।
कर्मचारियों की एकजुटता ही उनकी मांगों को मजबूती प्रदान करेगी। अब देखना होगा कि 18 नवंबर को कवर्धा में होने वाली इस आक्रोश रैली के बाद शासन लंबित मांगों पर क्या रुख अपनाता है।
