जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत से भिड़े थे धरती आबा बिरसा मुंडा, जनजातीय अस्मिता के महानायक की अमर गाथा

जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अंग्रेजी हुकूमत से भिड़े थे धरती आबा बिरसा मुंडा, जनजातीय अस्मिता के महानायक की अमर गाथा

15 नवंबर विशेष: सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जगाई जागरूकता, उलगुलान आंदोलन से ब्रिटिश सत्ता की चूलें हिलाईं, 24 वर्ष की उम्र में देश और समाज के लिए दिया सर्वोच्च बलिदान

रायपुर। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में भगवान बिरसा मुंडा का नाम अदम्य साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और बलिदान के प्रतीक के रूप में सदैव अमर रहेगा। जनजातीय समाज उन्हें श्रद्धापूर्वक ‘धरती आबा’ अर्थात धरती पिता के नाम से पुकारता है। उन्होंने न केवल अंग्रेजी हुकूमत के शोषण और अत्याचार के विरुद्ध आवाज बुलंद की, बल्कि आदिवासी समाज को अपनी संस्कृति, परंपरा, जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट भी किया। उनका जीवन संघर्ष, सामाजिक सुधार और राष्ट्रभक्ति की ऐसी प्रेरणादायक गाथा है, जो आज भी देश की नई पीढ़ी को अन्याय के विरुद्ध खड़े होने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने की प्रेरणा देती है।

15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर उनके संघर्ष, विचारों और बलिदान को याद किया जाता है। यह विशेष आलेख धनंजय राठौर, संयुक्त संचालक, जनसंपर्क रायपुर द्वारा प्रस्तुत किया गया है।15 नवंबर 1875 को हुआ था जन्म, बचपन से ही था समाज के प्रति समर्पणभगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को वर्तमान झारखंड के खूंटी जिले के उलीहातु गांव में एक सामान्य मुंडा जनजातीय परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम सुगना मुंडा और माता का नाम करमी हातू था। उनका बचपन गरीबी, संघर्ष और ग्रामीण परिवेश में बीता। उन्होंने चाईबासा क्षेत्र में शिक्षा प्राप्त की और अपने आसपास आदिवासी समाज की समस्याओं को बहुत करीब से देखा।उस समय अंग्रेजी शासन, जमींदारों और साहूकारों के गठजोड़ के कारण आदिवासी समुदाय की जमीनें छीनी जा रही थीं।

पारंपरिक सामाजिक व्यवस्था और सांस्कृतिक पहचान पर भी लगातार दबाव बढ़ रहा था। बिरसा मुंडा ने कम उम्र में ही महसूस कर लिया था कि आदिवासी समाज को शोषण से मुक्त कराने के लिए सामाजिक जागरूकता और सामूहिक एकता जरूरी है। यही विचार आगे चलकर उनके क्रांतिकारी व्यक्तित्व की आधारशिला बने।सामाजिक सुधार से शुरू हुई जनजागरण की क्रांतिबिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि समाज सुधारक और जनजागरण के महानायक भी थे। उन्होंने महसूस किया कि नशाखोरी, अंधविश्वास और सामाजिक कुरीतियां आदिवासी समाज की एकता और प्रगति में बाधा बन रही हैं।उन्होंने लोगों को स्वच्छता अपनाने, नशे से दूर रहने, सामाजिक एकता बनाए रखने और अपनी पारंपरिक संस्कृति का सम्मान करने का संदेश दिया।

उन्होंने सिंगबोंगा की उपासना और नैतिक जीवन पर जोर दिया। उनके विचारों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग उनके अनुयायी बन गए।उनके नेतृत्व में सामाजिक और धार्मिक चेतना का एक नया दौर शुरू हुआ। लोगों में यह विश्वास जागा कि वे अपने अधिकारों, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा स्वयं कर सकते हैं।उलगुलान आंदोलन से अंग्रेजी हुकूमत को दी चुनौतीबिरसा मुंडा के जीवन का सबसे महत्वपूर्ण अध्याय उलगुलान आंदोलन है। मुंडारी भाषा में उलगुलान का अर्थ महान विद्रोह या बड़ी क्रांति होता है। 19वीं सदी के अंतिम वर्षों में उन्होंने ब्रिटिश शासन, जमींदारों, साहूकारों और बाहरी शोषकों के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित किया।उस समय आदिवासियों की पारंपरिक खुटकट्टी भूमि व्यवस्था को कमजोर किया जा रहा था।

उनकी जमीनों पर बाहरी लोगों का कब्जा बढ़ रहा था। बेगारी, अवैध लगान और आर्थिक शोषण ने जनजातीय समुदाय का जीवन कठिन बना दिया था।बिरसा मुंडा ने इस अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाते हुए लोगों को अपने अधिकारों के लिए संगठित किया। उनका उद्घोष ‘अबुआ राज एते जाना, महारानी राज टुंडू जाना’ अर्थात हमारा अपना राज स्थापित हो और महारानी का शासन समाप्त हो, आदिवासी स्वाभिमान और स्वतंत्रता की आकांक्षा का प्रतीक बन गया।1 अक्टूबर 1894 को उन्होंने लगान माफी आंदोलन के माध्यम से ब्रिटिश शासन की शोषणकारी व्यवस्था को खुली चुनौती दी।

उनके बढ़ते प्रभाव से अंग्रेजी हुकूमत चिंतित हो गई और वर्ष 1895 में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उन्हें दो वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई।जेल से रिहा होने के बाद भी उन्होंने संघर्ष का रास्ता नहीं छोड़ा। अकाल और महामारी से प्रभावित लोगों की सेवा की तथा आदिवासी समाज में जागरूकता फैलाने का काम जारी रखा।डोम्बारी बुरु की घटना बनी संघर्ष का ऐतिहासिक प्रतीकवर्ष 1899-1900 में उलगुलान आंदोलन ने व्यापक रूप ले लिया। बिरसा मुंडा के नेतृत्व में आदिवासी समुदाय ने ब्रिटिश शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ संगठित प्रतिरोध शुरू किया।24 दिसंबर 1899 से आंदोलन ने उग्र रूप धारण किया। ब्रिटिश प्रशासन और उसके सहयोगी शोषक वर्ग के विरुद्ध आदिवासियों ने पारंपरिक हथियारों के साथ संघर्ष किया। डोम्बारी बुरु पहाड़ी इस आंदोलन का महत्वपूर्ण केंद्र बनी।यहां ब्रिटिश सेना ने आंदोलनकारियों पर निर्मम गोलीबारी की। बड़ी संख्या में आदिवासी पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने अपने अधिकारों की रक्षा करते हुए प्राण गंवाए। आधुनिक हथियारों से लैस अंग्रेजी सेना के सामने पारंपरिक हथियारों से संघर्ष कर रहे आदिवासियों ने अदम्य साहस और बलिदान का परिचय दिया।

डोम्बारी बुरु की घटना आज भी आदिवासी समाज के संघर्ष, शौर्य और बलिदान की याद दिलाती है।9 जून 1900 को जेल में हुआ महानायक का निधनबिरसा मुंडा के बढ़ते प्रभाव से अंग्रेजी सरकार भयभीत थी। मार्च 1900 में उन्हें चक्रधरपुर के जामकोपाई जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उन्हें रांची जेल में रखा गया।मात्र 24 वर्ष की आयु में 9 जून 1900 को रांची जेल में उनका निधन हो गया। ब्रिटिश प्रशासन ने उनकी मृत्यु का कारण हैजा बताया था। हालांकि उनकी मृत्यु की परिस्थितियों को लेकर संदेह और विभिन्न दावे भी सामने आते रहे हैं।अल्पायु में उनका जीवन समाप्त हो गया, लेकिन उनके विचारों और संघर्ष की ज्योति कभी बुझ नहीं सकी।

उनके आंदोलन ने ब्रिटिश सरकार को आदिवासियों की भूमि संबंधी समस्याओं पर ध्यान देने के लिए मजबूर किया। आगे चलकर छोटानागपुर काश्तकारी अधिनियम, 1908 (CNT Act) लागू हुआ, जिसने आदिवासी भूमि के हस्तांतरण पर महत्वपूर्ण कानूनी प्रतिबंध लगाए।जनजातीय अस्मिता और अधिकारों के सबसे बड़े प्रतीकबिरसा मुंडा का संघर्ष केवल अंग्रेजी शासन को समाप्त करने तक सीमित नहीं था। उनका उद्देश्य आदिवासी समाज को शोषण, अन्याय और सामाजिक कुरीतियों से मुक्त कराना था। उन्होंने आदिवासी समुदाय को अपनी भाषा, संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक पहचान पर गर्व करना सिखाया।

उनका जीवन इस बात का प्रमाण है कि सामाजिक बदलाव के लिए केवल राजनीतिक संघर्ष पर्याप्त नहीं होता, बल्कि समाज के भीतर जागरूकता, एकता और आत्मसम्मान की भावना भी आवश्यक होती है।आज जब जल, जंगल और जमीन के संरक्षण, आदिवासी अधिकारों और सांस्कृतिक पहचान की चर्चा होती है, तब भगवान बिरसा मुंडा के विचार और संघर्ष विशेष महत्व रखते हैं।जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाई जाती है जयंतीभारत सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की घोषणा की। इसका उद्देश्य देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों, उनके संघर्ष, योगदान और बलिदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान देना है।आज देशभर में उनकी जयंती पर विभिन्न कार्यक्रमों, सभाओं और सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से उनके योगदान को याद किया जाता है।

जनजातीय समाज के लिए यह दिन केवल उत्सव नहीं, बल्कि अपनी अस्मिता, परंपरा, अधिकार और गौरव को याद करने का अवसर भी है।आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा हैं धरती आबाभगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें सिखाता है कि अन्याय और शोषण के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए। अपनी संस्कृति, पहचान और अधिकारों की रक्षा के लिए साहस, एकता और दृढ़ संकल्प के साथ खड़ा होना चाहिए।उन्होंने बहुत कम उम्र में जिस सामाजिक चेतना और जनक्रांति का सूत्रपात किया, वह भारतीय इतिहास में अद्वितीय है। उनका संघर्ष हमें राष्ट्रप्रेम, सामाजिक न्याय, समानता और जनसेवा का संदेश देता है।धरती आबा बिरसा मुंडा केवल जनजातीय समाज के महानायक नहीं, बल्कि संपूर्ण भारत के गौरव हैं। उनका नाम भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में सदैव स्वर्ण अक्षरों में अंकित रहेगा।

जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनके द्वारा प्रज्वलित की गई संघर्ष की मशाल आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करती रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?