राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर बम की सूचना से मचा हड़कंप, डेढ़ घंटे तक चला सर्च ऑपरेशन
कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर रोका गया, बीडीएस टीम ने खंगाले सभी कोच; जांच में नहीं मिला कोई बम
राजनांदगांव / रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कोरबा-यशवंतपुर एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस सहित सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। एहतियात के तौर पर प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी ट्रेन को रोक दिया गया और तत्काल बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) की टीम को मौके पर बुलाकर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।बम की सूचना को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा टीम ने ट्रेन के एक-एक कोच की बारीकी से जांच की।
यात्रियों के सामान और ट्रेन के विभिन्न हिस्सों को भी खंगाला गया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस सर्च ऑपरेशन के दौरान रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और आम लोगों के बीच दहशत का माहौल बना रहा। सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता के चलते पूरे स्टेशन परिसर में सतर्कता बरती गई।हालांकि, सघन जांच के बाद ट्रेन में कोई भी बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जांच पूरी होने और हरी झंडी मिलने के बाद ट्रेन को आगे की यात्रा के लिए रवाना कर दिया गया।
एक संदिग्ध हिरासत में, सूचना देने वाले की तलाशइस पूरे मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल पुलिस और संबंधित सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि ट्रेन में बम होने की सूचना किसने दी थी और इसके पीछे क्या मंशा थी। सूचना महज अफवाह थी या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल बम की सूचना मिलने से रेलवे स्टेशन पर मचे हड़कंप के बाद सुरक्षा एजेंसियां मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई हैं।
