टाइगर रिजर्व के जंगल में हाथी के शावक का सड़ा-गला शव मिलने से हड़कंप, वन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल
सूरजपुर। जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र स्थित गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व के जुड़वानिया लालमाटी जंगल में करीब 2 से 3 वर्ष के हाथी के शावक का सड़ा-गला शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है। शावक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी वन विभाग को समय रहते क्यों नहीं मिल पाई, इसे लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।घटना के बाद टाइगर रिजर्व की गश्त और वन्यजीवों की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
बताया जा रहा है कि रिहन्द पार्क परिक्षेत्र का प्रभार सोनहत पार्क परिक्षेत्र के अधिकारी श्याम प्रताप सिंह के पास है। आरोप है कि वे नियमित रूप से क्षेत्र का दौरा नहीं करते और फोन कॉल का जवाब भी नहीं देते। वहीं सहायक संचालक मनोज कुमार साह के भी क्षेत्र में नियमित दौरे नहीं करने की बात सामने आई है। उप निदेशक श्वेता कांबोज के अवकाश पर होने की जानकारी मिली है।मामले में संबंधित अधिकारियों का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी भी अधिकारी ने कॉल रिसीव नहीं किया।
अब बड़ा सवाल यह है कि टाइगर रिजर्व जैसे संरक्षित वन क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षा और निगरानी की जिम्मेदारी किसकी है? क्या शावक की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी या यह मामला भी केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित रह जाएगा?
