नववर्ष कार्यक्रम शांतिपूर्ण व व्यवस्थित रूप से मनाने दुर्ग पुलिस सतर्क, होटल-बार व डीजे संचालकों को निर्देश

नववर्ष कार्यक्रम शांतिपूर्ण व व्यवस्थित रूप से मनाने दुर्ग पुलिस सतर्क, होटल-बार व डीजे संचालकों को निर्देश

दुर्ग / नववर्ष 2026 के अवसर पर जिले में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दुर्ग पुलिस द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। 31 दिसंबर की रात्रि शहर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर आयोजित होने वाले नववर्ष कार्यक्रमों को व्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से होटल, रिसॉर्ट, बार तथा डीजे संचालकों की बैठक आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए गए कि जहां भी कार्यक्रम आयोजित हों, वहां सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए। डीजे साउंड सिस्टम का उपयोग निर्धारित समय एवं मानकों के अनुसार अनुमति लेकर ही किया जाएगा। अश्लील गानों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट व बार संचालकों को पार्किंग की पूर्व व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। हाईवे या सड़क किनारे वाहन पार्किंग प्रतिबंधित रहेगी।

पार्किंग स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था व सुरक्षा गार्ड तैनात रखने के भी निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सभी आयोजक स्थलों पर फायर सेफ्टी ऑडिट एवं इलेक्ट्रिसिटी सेफ्टी ऑडिट कराना अनिवार्य किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।नववर्ष के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र दुर्ग पुलिस द्वारा जिले में लगभग 600 पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसमें 10 राजपत्रित अधिकारी एवं 25 निरीक्षक स्तर के अधिकारी शामिल हैं।

जिलेभर में 70 फिक्स चेकिंग प्वाइंट, 45 पेट्रोलिंग वाहन तथा 07 एडी पार्टी तैनात की गई हैं। इसके अलावा 09 प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की गई है, जहां नववर्ष के दिन भारी भीड़ रहती है।प्रत्येक अनुविभाग में राजपत्रित अधिकारियों द्वारा सतत मॉनिटरिंग की जाएगी।

महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला एवं बाइक पेट्रोलिंग की भी व्यवस्था की गई है। दुर्ग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं, यातायात नियमों का पालन करें और नववर्ष को शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?