होली पर दुर्ग पुलिस अलर्ट: पहली बार ‘बाज पार्टी’ तैनात, 6-6 जवानों की टीमें रहेंगी सक्रिय

आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दुर्ग पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर धमधा, बोरी, लिटिया, जेवरा सिरसा, खुरसीपार, पाटन, उतई, पुलगांव, अंजोरा, नगपुरा, कुम्हारी, रानीतराई एवं सुपेला थाना क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित कर नागरिकों से समन्वय स्थापित किया गया।इस बार विशेष पहल के तहत पहली बार “बाज पार्टी” का गठन किया गया है।
प्रत्येक बाज पार्टी में 6-6 जवान तैनात रहेंगे, जो किसी भी शिकायत या सूचना पर तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करेंगे।पुलिस ने हुड़दंग, अवैध मद्य/मादक पदार्थ विक्रय, ड्रिंक एंड ड्राइव, तेज रफ्तार, तीन सवारी और बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साउंड सिस्टम के लिए अनुमति अनिवार्य होगी और रात 10 बजे के बाद उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। केमिकल युक्त रंग, मुखौटा व वार्निश स्प्रे पर रोक रहेगी।
संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त बल, सतत पेट्रोलिंग और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी। दुर्ग पुलिस ने आमजन से शांतिपूर्ण होली मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल देने की अपील की है।
