जिला हॉस्पिटल दुर्ग के मातृत्व–शिशु वार्ड में बेड व गायनिक डॉक्टरों की कमी पर दिलीप ठाकुर व प्रशांत डोंगावकर ने किया ध्यानाकर्षण – कलेक्टर से मांगी त्वरित व्यवस्था
दुर्ग। जिला चिकित्सालय दुर्ग के 100 बिस्तर वाले मातृत्व–शिशु विभाग में प्रसूति के केस लगातार बढ़ने से बेड की भारी समस्या उत्पन्न हो गई है। वर्तमान में विभाग में 4 गायनिक चिकित्सकों से सेवाएं ली जा रही हैं, जिनमें से एक गायनिक चिकित्सक अगले माह सेवा निवृत्त होने वाली हैं। ऐसे में विभाग में विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी और ज्यादा गंभीर हो जाएगी।विभाग के चिकित्सकों के अनुसार बढ़ती प्रसूति संख्या और बिस्तरों की कमी ही रेफर केस बढ़ने का मुख्य कारण है।
दूरस्थ ग्रामों से आने वाली महिला मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।इसी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय जीवन दीप समिति के आजीवन सदस्य दिलीप ठाकुर एवं मानद सदस्य प्रशांत डोंगावकर द्वारा आज जिला प्रशासन के मुखिया कलेक्टर दुर्ग को ज्ञापन प्रस्तुत कर तत्काल व्यवस्था सुधारने, अतिरिक्त बिस्तर व गायनिक विशेषज्ञ की नियुक्ति का आग्रह किया गया।कलेक्टर द्वारा ज्ञापन पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र समाधान की बात कही गई है।
