बोरी में बंद सिर मिलने से भिलाई में सनसनी, धड़ की तलाश में जुटी पुलिस
छत्तीसगढ़ के भिलाई में मंगलवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। बीएसपी टाउनशिप के सिविक सेंटर स्थित भिलाई निवास होटल के पीछे नर्सरी इलाके में सेप्टिक लाइन की सफाई के दौरान पॉलीथिन में लिपटा एक अज्ञात व्यक्ति का कटा हुआ सिर बरामद हुआ। सिर की हालत सड़ी-गली थी। घटना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर यह सिर किसका है और इसे सेप्टिक लाइन के भीतर किसने फेंका?
जानकारी के मुताबिक, सेप्टिक लाइन जाम होने की शिकायत के बाद ठेका श्रमिक सफाई करने पहुंचे थे। इसी दौरान पाइप के भीतर पॉलीथिन में लिपटा एक संदिग्ध पैकेट दिखाई दिया। काफी मशक्कत के बाद पैकेट को बाहर निकाला गया। शुरुआत में कर्मचारियों को किसी जानवर का सिर होने का संदेह हुआ, लेकिन पैकेट खोलते ही अंदर इंसानी सिर देखकर उनके होश उड़ गए। तत्काल भिलाई नगर थाना पुलिस को सूचना दी गई।सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल और भिलाई नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने सिर को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अब मृतक की पहचान करने के साथ उसके धड़ की तलाश में जुटी है। आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है और विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाली जा रही है। पुलिस हत्या की आशंका समेत सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, मृतक की मौत की परिस्थितियों और सिर को सेप्टिक लाइन में फेंके जाने की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
