दुर्ग में तीन दिवसीय राज्योत्सव महोत्सव — 2 से 4 नवंबर तक गंज मंडी परिसर में धूमधाम से होगा आयोजन
दुर्ग, 28 अक्टूबर। जिला प्रशासन दुर्ग के तत्वावधान में इस वर्ष भव्य राज्योत्सव 2025 का आयोजन पुराने गंज मंडी परिसर में 2 से 4 नवंबर तक किया जाएगा। यह तीन दिवसीय महोत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा, कला, हस्तशिल्प, व्यंजन और स्थानीय उत्पादों की झलक पेश करेगा।आयोजन के दौरान विभिन्न स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें फूड, हस्तकला, कृषि उत्पाद और स्थानीय उद्यमों की झलक देखने को मिलेगी।
निगम द्वारा स्टॉल आवंटन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा, जिसके लिए ₹1000 प्रतिदिन का किराया निर्धारित है। फूड स्टॉल के लिए मात्र 10 स्थान तय किए गए हैं, इसलिए इच्छुक प्रतिभागियों से शीघ्र आवेदन करने का आग्रह किया गया है।महोत्सव में छत्तीसगढ़ी लोकनृत्य, लोकगीत, शिल्पकला प्रदर्शन और पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ आधुनिक स्वाद का भी समावेश होगा।
आकर्षक फूड कोर्ट राज्योत्सव का विशेष आकर्षण रहेगा, जहाँ आगंतुकों को विविध व्यंजनों का आनंद मिलेगा।कार्यक्रम की तैयारी में जिला प्रशासन और नगर निगम की टीमें जुटी हुई हैं। स्थल की सजावट, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन ने नागरिकों, व्यापारियों और कलाकारों से आग्रह किया है कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लें और छत्तीसगढ़ की गौरवशाली संस्कृति का उत्सव मिलकर मनाएं।
