उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में शिकार करने पहुंचे 4 शिकारी गिरफ्तार
गरियाबंद। वन्य प्राणियों के शिकार की मंशा से उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में घुसे चार शिकारियों को वन विभाग की टीम ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।जानकारी के अनुसार सभी आरोपी ओडिशा के नवरंगपुर जिले के निवासी हैं और शिकार करने के उद्देश्य से क्षेत्र में पहुंचे थे। मुखबिर से मिली सूचना के बाद तोरेंगा वन परिक्षेत्र की टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को पकड़ लिया।वन विभाग ने बताया कि आरोपियों के पास से शिकार में उपयोग होने वाली सामग्री भी बरामद की गई है।
पूछताछ के बाद उनके खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में वन्य प्राणियों की सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई गई है। बाहरी राज्यों से आने वाले शिकारियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि वन्य जीवों का संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके। गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्य प्राणियों के संरक्षण में सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।
