मैनपुर के वनांचल में खौफनाक महिला हत्या: चरित्र लांछन की रंजिश में गुप्तांग में मिर्ची–ज्वलनशील पदार्थ डालकर तड़पाया, फिर पीट-पीटकर ली जान

मैनपुर के वनांचल में खौफनाक महिला हत्या: चरित्र लांछन की रंजिश में गुप्तांग में मिर्ची–ज्वलनशील पदार्थ डालकर तड़पाया, फिर पीट-पीटकर ली जान

गरियाबंद।छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शोभा थाना क्षेत्र के ओडिशा सीमा से लगे दूरस्थ वनांचल ग्राम गरीबा में मानवता को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली हत्या की वारदात सामने आई है। गांव की ही दो महिलाओं ने मिलकर एक अन्य महिला को पहले अमानवीय यातना दी और फिर बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतका सुमित्रा नेताम (37 वर्ष) पति दलसुराम नेताम, ग्राम गरीबा से करीब 800 मीटर दूर खेत की लारी में निवास करती थी। गांव की रहने वाली सुगतिन नेताम (36 वर्ष) और ईतवारिन बाई (46 वर्ष) से उसकी पहले मित्रता थी, लेकिन बीते कुछ समय से यह मित्रता विवाद और झगड़े में बदल गई थी। आरोप है कि सुमित्रा नेताम लगातार गांव-गांव जाकर दोनों महिलाओं के चरित्र को लेकर लांछन लगाती थी, जिससे दोनों आरोपी महिलाएं गहरी नाराजगी और आक्रोश में थीं।इसी रंजिश के चलते दोनों आरोपियों ने सुमित्रा को जान से मारने की साजिश रची।

हत्या से पहले दोनों महिलाएं सुमित्रा की लारी में पहुंचीं, जहां उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद हैवानियत की हद पार करते हुए उसके गुप्तांग में मिर्ची और अन्य ज्वलनशील पदार्थ डालकर उसे बुरी तरह तड़पाया गया, और फिर लात-घूंसे, डंडों से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई।घटना की सूचना गांव के सरपंच द्वारा पुलिस को दी गई। क्षेत्र के नक्सल प्रभावित और दूरस्थ होने के कारण पुलिस टीम 02 फरवरी को मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच की, मृतका का पोस्टमार्टम कराया और शव परिजनों को सौंप दिया।शोभा थाना प्रभारी नकुल सिदार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि चरित्र लांछन और बदनामी से क्षुब्ध होकर सुगतिन नेताम और ईतवारिन बाई ने मिलकर सुमित्रा नेताम की हत्या की है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।वनांचल क्षेत्र में हुई इस जघन्य घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है, वहीं समाज में बढ़ती आपसी रंजिश और हिंसा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?