अन्तरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश, 63.50 लाख का माल बरामद मेरठ से दो आरोपी गिरफ्तार, दुर्ग-भिलाई समेत कई शहरों में चोरी की वारदातें कबूलीं
दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने अंतरराज्यीय चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लगभग 63 लाख 50 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में मेरठ से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 400 ग्राम सोना, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये बताई जा रही है, तथा 3 लाख 50 हजार रुपये नगद जब्त किए गए हैं।पुलिस के अनुसार, नेहरू नगर एवं दुर्ग क्षेत्र में दिनदहाड़े हो रही चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए मामले की जांच की गई।
तकनीकी विश्लेषण और घटनास्थलों के आसपास लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद थाना सुपेला एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम को दिल्ली और मेरठ रवाना किया गया।जांच के दौरान आरोपी हासीम खान को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर से एक एक्टिवा वाहन खरीदकर दुर्ग, भिलाई और अन्य शहरों में रेकी करने की बात स्वीकार की। आरोपी फेरीवाले बनकर कपड़ा और कालीन बेचने के बहाने सुनसान मकानों की पहचान करते थे और दिन में ताला तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी घटना से पहले रायपुर के मोदहापारा क्षेत्र में किराये के मकान में रह रहे थे। गिरोह का एक सदस्य बाहर निगरानी करता था, जबकि दूसरा घर के भीतर चोरी करता था।पूछताछ में आरोपियों ने चोरी का सोना मेरठ के एक ज्वेलर्स संचालक सलीम खान को बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने ज्वेलरी दुकान संचालक सलीम खान को भी गिरफ्तार कर लिया है।आरोपियों ने दुर्ग-भिलाई के अलावा नवा रायपुर, बिलासपुर और जबलपुर में भी चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।गिरफ्तार आरोपीहासीम खान, उम्र 24 वर्ष, निवासी श्याम नगर रोड, शालीमार गार्डन गली नंबर-1, मेरठ (उ.प्र.)सलीम खान, उम्र 28 वर्ष, निवासी शिवालकास, मेरठ (उ.प्र.)बरामद मशरूकाकरीब 400 ग्राम सोनानगद 3 लाख 50 हजार रुपयेकुल कीमत लगभग 63 लाख 50 हजार रुपये
