सुकमा के जंगल में नक्सलियों का बड़ा डम्प बरामद, हथियार-विस्फोटक समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त
सुकमा। जिले में चलाए जा रहे नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। चिंतलनार थाना क्षेत्र के ग्राम चिन्नाबोड़केल के पहाड़ी-जंगल इलाके में सीआरपीएफ और जिला पुलिस की संयुक्त टीम ने सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प का खुलासा किया है। डम्प से हथियार, विस्फोटक सामग्री, वायरलेस सेट और बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत नक्सली उपयोग की कई सामग्रियां बरामद की गई हैं।
पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों के खिलाफ लगातार चलाए जा रहे एरिया डोमिनेशन और सर्चिंग अभियान के दौरान महत्वपूर्ण इंटेलिजेंस इनपुट मिला था। इसके आधार पर कैम्प रायगुडेम से सहायक कमांडेंट विकास कुमार के नेतृत्व में संयुक्त सुरक्षा बल ने चिन्नाबोड़केल के दुर्गम पहाड़ी-जंगल क्षेत्र में अभियान चलाया।
सर्चिंग के दौरान मिले डम्प से 01 देशी राइफल (भरमार), 57 बीजीएल पाइप, 03 आईईडी कंटेनर, 05 शॉक ट्यूब असेंबली, 01 इलेक्ट्रिक और 03 नॉन-इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, करीब 1 किलो गन पाउडर तथा करीब 3 किलो यूरिया बरामद किया गया।इसके अलावा वायरलेस सेट, बैटरियां, इलेक्ट्रिक वायर, सर्किट बोर्ड, चार्जर, पावर बैंक, खराब मोबाइल फोन और रेडियो सेट सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी सुरक्षा बलों के हाथ लगे हैं।डम्प से नक्सली साहित्य, नक्सली झंडा, काली यूनिफॉर्म, स्पाइक, करीब 500 ग्राम स्प्लिंटर, तीर-कमान और घुंघरू समेत दैनिक उपयोग की अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।
बरामद हथियार और विस्फोटक सामग्री को सुरक्षा मानकों के तहत कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।यह अभियान पुलिस महानिरीक्षक सीआरपीएफ आनंद राजपुरोहित, पुलिस अधीक्षक सुकमा मयंक गुर्जर, कमांडेंट 223वीं वाहिनी सीआरपीएफ नीरज राठौर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए नक्सलियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
जंगलों और दुर्गम इलाकों में छिपाकर रखे गए हथियार एवं नक्सली डम्प की तलाश कर उन्हें निष्क्रिय करने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
