दुर्ग में 4 नए उद्यानों को मिली स्वीकृति, 2 करोड़ से होगा निर्माण
मंत्री गजेन्द्र यादव की पहल पर वार्डों में विकसित होंगे आधुनिक गार्डन, बच्चों से बुजुर्गों तक को मिलेगा लाभसमाचार:दुर्ग। शहर के विभिन्न वार्डों में नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए 4 नए उद्यानों के निर्माण को स्वीकृति मिल गई है। करीब 2 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इन उद्यानों का निर्माण शहर विधायक एवं केबिनेट मंत्री गजेन्द्र यादव की पहल पर संभव हो सका है।
मंत्री गजेन्द्र यादव ने अपने वार्ड भ्रमण के दौरान स्थानीय नागरिकों से संवाद किया था, जिसमें लोगों ने बच्चों के खेलने और सुबह-शाम टहलने के लिए व्यवस्थित उद्यान की आवश्यकता जताई थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को तत्काल प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने के साथ ही निर्माण कार्य के लिए राशि भी मंजूर कर दी गई है।मंत्री ने कहा कि दुर्ग विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। प्रदेश में भाजपा सरकार के नेतृत्व में दुर्ग को एक सुव्यवस्थित और विकसित शहर बनाने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के लिए धन की कोई कमी नहीं है और आगे भी नई योजनाओं को स्वीकृति मिलती रहेगी।उन्होंने बताया कि इन उद्यानों के निर्माण से बच्चों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण में खेलने का अवसर मिलेगा, वहीं बुजुर्गों एवं अन्य नागरिकों को टहलने, व्यायाम करने और समय बिताने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। उद्यानों में साफ-सफाई, बैठने की व्यवस्था, बच्चों के झूले और ओपन जिम जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इन वार्डों में होगा निर्माण:वार्ड 45, पद्मनाभपुर (पूर्व) — ₹64.98 लाख
वार्ड 46, पद्मनाभपुर (पश्चिम) — ₹15.54 लाख
वार्ड 49, विद्युत नगर — ₹57.48 लाख
वार्ड 51, बोरसी (उत्तर) — ₹62.47 लाख
इन उद्यानों के निर्माण से शहर के सामाजिक और पर्यावरणीय माहौल में भी सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है।
