ऑनलाइन गेमिंग में अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 11 आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग,। दुर्ग पुलिस ने म्यूल अकाउंट के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग में अवैध लेन-देन करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए संयुक्त कार्रवाई में 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई थाना पदमनाभपुर एवं मोहन नगर पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से की गई।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी अविनाश दुबे (27 वर्ष), निवासी हुडको भिलाई की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि आरोपी विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाकर एटीएम कार्ड, पासबुक और चेकबुक अपने पास रखकर ऑनलाइन गेमिंग के जरिए अवैध लेन-देन कर रहे थे।प्रकरण में थाना मोहन नगर एवं पदमनाभपुर में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान तकनीकी विश्लेषण और बैंक खातों की पड़ताल से म्यूल अकाउंट धारकों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।जांच में सामने आया कि आरोपी लालच में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड और अन्य दस्तावेज गिरोह को उपलब्ध कराते थे, जिनका उपयोग अवैध ऑनलाइन लेन-देन में किया जा रहा था।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड सहित बैंक से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में थाना पदमनाभपुर एवं मोहन नगर की संयुक्त टीम और साइबर समन्वय टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों तक पहुंच बनाई।दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी व्यक्ति को अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, पासबुक, ओटीपी या अन्य वित्तीय जानकारी साझा न करें।
ऑनलाइन गेमिंग या त्वरित लाभ के लालच में आकर बैंक खातों का दुरुपयोग करना दंडनीय अपराध है। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
