शहर के 60 वार्डों में नालियों से गुजर रही पाइपलाइन हटेंगी, राज्य शासन को भेजा जाएगा प्रस्ताव
दुर्ग | 29 जनवरी नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा शहरवासियों को सुरक्षित व शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम उठाया गया है। महापौर श्रीमती अलका बाघमार के मार्गदर्शन में नगर निगम लगातार जलापूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ठोस निर्णय ले रहा है। इसी क्रम में आज जलकार्य प्रभारी श्रीमती लीना दिनेश देवांगन की अध्यक्षता में विभागीय सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।बैठक में शहर के विभिन्न वार्डों में नालियों से होकर गुजर रही पाइपलाइनों को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
नालियों में बिछी पाइपलाइन से जलभराव, गंदगी, पाइपलाइन क्षति एवं दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, जिसे जनसुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर माना गया। समिति ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि ऐसे सभी क्षेत्रों की पहचान कर पाइपलाइन हटाने अथवा वैकल्पिक सुरक्षित व्यवस्था हेतु एक ठोस प्रस्ताव तैयार कर महापौर परिषद के माध्यम से राज्य शासन को भेजा जाएगा।
जलकार्य प्रभारी लीना दिनेश देवांगन ने बताया कि इस कार्य के लिए पार्षदों एवं नागरिकों के सहयोग से विस्तृत जानकारी एकत्रित की जाएगी, ताकि सभी 60 वार्डों में नालियों से गुजर रही पाइपलाइनों को चिन्हांकित कर प्रभावी समाधान किया जा सके।बैठक में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा हुई, जिनमें
🔹 गंजपारा पानी टंकी की सुरक्षा व्यवस्था,
🔹 टैंकर चालकों की मांग,
🔹 पन्ना डेयरी के पास मोटर पंप बदलने का कार्य,
🔹 कुष्ठ आश्रम एवं शिवनगर क्षेत्र में बोरिंग से पाइपलाइन विस्तार,
🔹 तथा कॉलोनियों में फाइव लाइन जलापूर्ति जैसे विषय शामिल रहे। बैठक में नेता प्रतिपक्ष संजय कोहले, दीपक साहू, भास्कर कुंडले, गुलाब वर्मा, रेखा बंजारे, उप अभियंता विनोद मांझी, जलकार्य निरीक्षक नारायण ठाकुर सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यह निर्णय नगर निगम की जनस्वास्थ्य व नागरिक सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है और आने वाले समय में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुरक्षित एवं सुदृढ़ बनाएगा।
