थाना नेवई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ज्वेलरी दुकान से चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार

थाना नेवई पुलिस की त्वरित कार्रवाई, ज्वेलरी दुकान से चोरी करने वाली महिला गिरफ्तार

दुर्ग, 23 दिसंबर 2025।थाना नेवई पुलिस ने ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए एक जोड़ी सोने के टाप्स एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी को भी बरामद कर लिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रार्थी सुजल जैन, निवासी महावीर कॉलोनी दुर्ग ने थाना नेवई में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी कृष्णा टॉकीज रोड, रिसाली स्थित उपहार ज्वेलर्स नामक सोने-चांदी की दुकान में दिनांक 17 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1 बजे एक महिला ग्राहक बनकर आई। महिला ने सोने के टाप्स दिखाने को कहा और उन्हें हाथ में लेकर देखने लगी।

इसी दौरान जब दुकानदार कैलकुलेटर लेने के लिए पीछे मुड़े, तभी महिला ने चालाकी से एक जोड़ी सोने के टाप्स छुपा लिए और कुछ देर में आने की बात कहकर चली गई।बाद में जब दुकानदार ने सोने के डिब्बे का वजन मिलाया तो एक जोड़ी सोने के टाप्स (लगभग 4 ग्राम, कीमत करीब 45 हजार रुपये) कम पाए गए। मामले की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि संदिग्ध महिला चोरी किए गए सोने के टाप्स बेचने के लिए ग्राहक तलाश कर रही है।

इस पर पुलिस ने संगीता कोठारी (उम्र 31 वर्ष) निवासी ग्राम खोला, थाना आर. जामगांव, हाल मुकाम रिसाली सेक्टर भिलाई को पकड़ा। पूछताछ में आरोपी महिला ने चोरी की घटना स्वीकार कर ली। उसके मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी किए गए एक जोड़ी सोने के टाप्स एवं घटना में प्रयुक्त बैगनी रंग की स्कूटी क्रमांक CG 07 BV 6149 को गवाहों के समक्ष जप्त कर लिया गया।

इस सराहनीय कार्रवाई में थाना नेवई प्रभारी उप निरीक्षक कमल सिंह सेंगर, उप निरीक्षक सुरेंद्र तारम, प्रधान आरक्षक महावीर साहू, आरक्षक रवि बिसाई एवं महिला आरक्षक कीर्ति साहू का विशेष योगदान रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?