विवाहित होते हुए अविवाहित बताकर विवाह करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मध्यस्थ भी पुलिस की गिरफ्त में

विवाहित होते हुए अविवाहित बताकर विवाह करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मध्यस्थ भी पुलिस की गिरफ्त में

दुर्ग, 23 दिसंबर 2025।दुर्ग पुलिस द्वारा ऑपरेशन विश्वास के तहत धोखाधड़ी कर विवाह करने के एक गंभीर मामले में थाना उतई पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक एवं विवाह मध्यस्थ कराने वाली महिला को गिरफ्तार किया है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 22 दिसंबर 2025 को पीड़िता द्वारा थाना उतई में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

आवेदिका ने बताया कि आरोपी विजय कुमार पाण्डेय ने स्वयं को अविवाहित बताते हुए, अपने पूर्व विवाह एवं तलाक, वास्तविक उम्र तथा नौकरी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी छिपाकर छलपूर्वक उससे विवाह किया। विवाह के बाद ससुराल में रहने के दौरान आरोपी के व्यवहार से वह शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस करने लगी। मामले की जांच में यह भी सामने आया कि विवाह हेतु मध्यस्थ कराने वाली विद्ववासनी शुक्ला को आरोपी की वास्तविक स्थिति की जानकारी थी, इसके बावजूद उन्होंने आवेदिका को गुमराह करते हुए विवाह संपन्न कराया।

इस पर थाना उतई में अपराध क्रमांक 505/2025, धारा 318(4), 85 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया।विवेचना के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपियों का पता तलाश कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी विजय कुमार पाण्डेय ने स्वीकार किया कि पूर्व विवाह विच्छेद के कारण विवाह में बाधा आने की आशंका से उसने अपनी जानकारी छिपाकर विवाह किया था। आरोपी के कब्जे से आधार कार्ड, पैन कार्ड एवं पूर्व विवाह विच्छेद निर्णय आदेश की प्रति जप्त की गई।

इसके पश्चात दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है।इस कार्रवाई में थाना उतई के निरीक्षक महेश कुमार ध्रुव, उप निरीक्षक प्रमोद सिन्हा, आरक्षक राजीव दुबे, ध्रुवनारायण चन्द्राकर, महिला आरक्षक बिंदु भाले एवं मंजू ठाकुर की उल्लेखनीय भूमिका रही।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि विवाह से पूर्व सभी आवश्यक तथ्यों की भली-भांति जानकारी प्राप्त करें तथा किसी भी प्रकार की धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?