महादेव घाट में वॉलीबॉल का महासंग्राम शुरूराजेश मूणत करेंगे उद्घाटन, देश-विदेश के खिलाड़ी दिखाएंगे दम
रायपुर। खेल प्रेमियों के लिए राजधानी में आज से रोमांच का आगाज़ होने जा रहा है। हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल संघ, रायपुर के तत्वावधान में महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ वॉलीबॉल ग्राउंड में 5वीं ऑल इंडिया वॉलीबॉल टूर्नामेंट 2026 का भव्य आयोजन आज से 5 अप्रैल तक किया जा रहा है।इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश-विदेश की 18 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें नामचीन खिलाड़ी और उनके टेक्निकल स्टाफ सहित करीब 300 सदस्य शामिल होंगे।
आयोजन को रायपुर में वॉलीबॉल के सबसे बड़े खेल उत्सव के रूप में देखा जा रहा है।प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन आज सुबह 10 बजे विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत के मुख्य आतिथ्य में होगा। इस अवसर पर महापौर मीनल चौबे विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगी। साथ ही शहर के जनप्रतिनिधि, खेलप्रेमी और गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।इस टूर्नामेंट में मास्टर्स 40+ वर्ग और ओपन गर्ल्स वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
मास्टर्स वर्ग में दुबई सहित कई राज्यों की टीमें हिस्सा ले रही हैं, जबकि ओपन गर्ल्स वर्ग में देश के विभिन्न शहरों से आई टीमें अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।आयोजकों के अनुसार, कई टीमों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक और उच्चस्तरीय होने की पूरी संभावना है।
पुरस्कार राशि▪️ मास्टर्स वर्गप्रथम – ₹71,000 + शील्डद्वितीय – ₹51,000 + शील्ड▪️ ओपन गर्ल्स वर्गप्रथम – ₹31,000 + शील्डद्वितीय – ₹21,000 + शील्डइसके अलावा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।आयोजन समिति ने शहरवासियों, खेल प्रेमियों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करें और इस आयोजन को सफल बनाएं।
संघ के अध्यक्ष सैयद अनवर अली और वरिष्ठ सदस्य पंकज नायक ने जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रतियोगिता खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ रायपुर में खेल संस्कृति को भी नई ऊंचाई प्रदान करेगी।
