1600°C का पिघला लोहा गिरने से ठेकेदार की मौत, आग की लपटों में घिरा सीढ़ियों से भागता दिखा; VIDEO वायरल

1600°C का पिघला लोहा गिरने से ठेकेदार की मौत, आग की लपटों में घिरा सीढ़ियों से भागता दिखा; VIDEO वायरल

दुर्ग। जिले के बोरई-रसमड़ा स्थित जेडी स्टील प्लांट में दर्दनाक औद्योगिक हादसे में 42 वर्षीय ठेकेदार संतोष कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे मशीन से निकला 1500 से 1600 डिग्री सेल्सियस तापमान वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। हादसे में वह गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे उनकी मौत हो गई।

घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।मशीन का नोजल नीचे आने से हुआ हादसा पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार श्रीवास्तव जेडी स्टील प्लांट में ठेकेदारी का काम करते थे। 17 अक्टूबर की रात करीब 1 बजे प्लांट में इस्तेमाल होने वाली टिंडिस मशीन के एक हिस्से का नोजल नीचे आ गया। इसी दौरान मशीन से निकलने वाला पिघला लोहा उनके शरीर पर गिर गया। अत्यधिक तापमान वाले लोहे की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गए।

गंभीर हालत में उन्हें तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।आग की लपटों में घिरे व्यक्ति का वीडियो वायरलहादसे से जुड़ा वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आग की लपटों से घिरा एक व्यक्ति सीढ़ियों से नीचे की ओर भागता दिखाई देता है। आसपास मौजूद लोग उसे बचाने की कोशिश करते नजर आते हैं। घटनास्थल पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति भी दिखाई देती है। हालांकि, वायरल वीडियो में दिखाई देने वाले घटनाक्रम और हादसे की पूरी परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

बिहार के पूर्वी चंपारण के निवासी थे संतोषमृतक संतोष कुमार श्रीवास्तव ग्राम श्यामपुर, थाना सुगौली, जिला पूर्वी चंपारण, बिहार के निवासी थे। वह काम के सिलसिले में छत्तीसगढ़ आए थे और बोरई औद्योगिक क्षेत्र स्थित इस्पात संयंत्र में ठेकेदारी का काम कर रहे थे। 18 अक्टूबर को पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव बिहार ले गए।कंपनी प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आयाजिला पंचायत सदस्य प्रिया साहू ने दावा किया है कि कंपनी के एक अन्य प्लांट में करीब दो साल पहले भी जलने से एक मजदूर की मौत हुई थी।

हालांकि, इस पुराने मामले से संबंधित विस्तृत जानकारी की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।वर्तमान हादसे के संबंध में कंपनी मालिक अभिषेक गोयल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ मिला। कंपनी परिसर में भी जानकारी लेने की कोशिश की गई, लेकिन प्रबंधन ने मिलने से इनकार कर दिया। फिलहाल, हादसे के कारणों, मशीन संचालन और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कंपनी प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है।अंजोरा चौकी में मर्ग दर्ज, पुलिस जांच जारीभिलाई के एएसपी शोभराज अग्रवाल के अनुसार, मामले में अंजोरा चौकी में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत मर्ग दर्ज किया गया है।

पुलिस हादसे की परिस्थितियों और मौत से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।इस दर्दनाक घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा इंतजामों, मशीनों के संचालन और श्रमिकों की सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठ रहे हैं। जांच में हादसे के वास्तविक कारणों और जिम्मेदारियों से जुड़े तथ्यों का स्पष्ट होना महत्वपूर्ण होगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

× How can I help you?